Vistaar NEWS

यूपी में RLD का बड़ा प्लान, नए प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह ने 2027 को लेकर खोले पत्ते

ऐश्वर्या राज सिंह और जयंत चौधरी

ऐश्वर्या राज सिंह और जयंत चौधरी

UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है. पार्टी ने यूपी में अपने नए प्रदेश अध्‍यक्ष के नाम का ऐलान कर द‍िया है. बस्ती राजघराने से जुड़े ऐश्वर्य राज सिंह को यूपी की कमान सौंपी है. यह जिम्‍मेदारी रामाशीष राय के इस्तीफे के बाद दी गई है. ऐश्वर्य राज सिंह ने यूपी चुनाव में अपनाई जाने वाली रणनीति के बारे में बात की है.

एक बातचीत में उन्होंने कहा कि RLD उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारी करेगी. हालांकि, हर सीट पर उम्मीदवार पार्टी के चुनाव चिह्न पर ही उतरेगा, यह जरूरी नहीं है.

गठबंधन की स्थिति के मुताबिक कुछ सीटों पर सहयोगी दलों के प्रत्याशी भी मैदान में हो सकते हैं. सीटों के बंटवारे का अंतिम निर्णय पार्टी का संसदीय बोर्ड और गठबंधन के स्तर पर होने वाली बैठक में किया जाएगा.

ऐश्वर्य राज सिंह ने क्‍या कहा?

ऐश्वर्य राज सिंह ने बस्ती में RLD की पुरानी राजनीतिक मौजूदगी का भी जिक्र किया. उनका कहना है कि पार्टी की जड़ें इस क्षेत्र में पहले से रही हैं. पूर्वांचल से आने वाले नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को RLD की क्षेत्रीय विस्तार की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

दरअसल, RLD की पहचान लंबे समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी रही है. ऐसे में नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने पूर्वांचल में संगठन को मजबूत करने की बड़ी चुनौती होगी. ऐश्वर्य राज सिंह ने संकेत दिया कि चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से जुड़े नेताओं को पार्टी के साथ जोड़ने की कोशिश की जाएगी.

एनडीए के साथ मिलकर करेंगे काम

पार्टी की रणनीति में युवाओं को भी अहम स्थान दिया गया है. ऐश्वर्य राज सिंह के मुताबिक RLD नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर देगी. उन्होंने जयंत चौधरी की युवा केंद्रित सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी दिशा में पार्टी आगे बढ़ेगी.

ऐश्वर्य राज सिंह ने यह भी दावा किया कि RLD 2027 में NDA की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करेगी. अब देखना होगा कि पार्टी पश्चिमी यूपी के अपने प्रभाव से आगे बढ़कर पूर्वांचल में कितना जनाधार तैयार कर पाती है. चुनावी गठबंधन में उसे कितनी सीटें मिलती हैं.

ये भी पढ़ें:‘चुनौतियां आती हैं तो मौके भी…’, दिल्ली-IIT में मोदी बोले- ‘जिंदगी में सबकुछ ऑउट ऑफ सिलेबस’

Exit mobile version