Vistaar NEWS

प्रयागराज का कसारी मसारी अब कहलाएगा कृष्णपुरी, सीएम योगी का ऐलान, कभी अती‍क का था यहां खौफ

CM Yogi

सीएम योगी

Kasari Masari Name Change: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कसारी-मसारी इलाके को अब नई पहचान मिल चुकी हे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस क्षेत्र का नाम बदलकर कृष्णपुरी करने का ऐलान किया है. गुरुवार को मुख्यमंत्री ने यहां माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवासीय योजना का भूमि पूजन भी किया.

कसारी-मसारी इलाके में पद्मलोक अपार्टमेंट परियोजना के तहत 602 फ्लैट बनाए जाएंगे. इस योजना को प्रयागराज विकास प्राधिकरण पूरा करेगा. परियोजना पर करीब 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की जानकारी सामने आई है. यहां रहने वाले लोगों के लिए पार्किंग, सोलर सिस्टम और वर्षा जल संचयन जैसी सुविधाओं की व्यवस्था भी की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन का इस्तेमाल आम लोगों के हित में करना है उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने और गरीबों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में उठाया गया कदम बताया.

सिद्धार्थनाथ सिंह ने की थी नाम बदलने की मांग

कसारी-मसारी का नाम बदलने की मांग पूर्व कैबिनेट मंत्री और शहर पश्चिमी के विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने उठाई थी. उन्होंने मुख्यमंत्री से इस इलाके का नाम भगवान श्रीकृष्ण के नाम पर रखने की अपील की थी. उनका कहना था कि क्षेत्र का मौजूदा नाम सुनकर लोगों के मन में गलत धारणा बन सकती है.

माफिया पर भी साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी, पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि 2017 में सरकार बनने के बाद अपराधियों और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति अपनाई गई. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले प्रयागराज में अतीक अहमद और उसके सहयोगियों का दबदबा था, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है.

योगी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी. सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा और विकास है.

ये भी पढ़ें: UP चुनाव से पहले अखिलेश का बड़ा खुलासा! 19 लाख वोटरों को लेकर चुनाव आयोग से पूछे सवाल

Exit mobile version