उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. अखिलेश यादव ने रायबरेली और लखनऊ से अपनी पीडीए यात्रा की शुरूआत कर दी है. इसी बीच उन्होंने अपनी पार्टी के प्रवक्ताओं को बड़ी नसीहत दी है. शनिवार को पार्टी दफ्तर में राष्ट्रीय प्रवक्ता सहित सभी प्रवक्ताओं के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कहा कि बिना तैयारी के किसी भी डिबेट में जाने से बचे. 10 सेकेंड की रील से पार्टी की छवि बनती- बिगड़ती है.
2 घंटे तक चली प्रवक्ताओं के साथ बैठक
बता दें कि यूपी में चुनावी मौसम को देखते हुए अखिलेश यादव संगठन में भी फेरबदल कर रहे हैं वहीं अपनी पीडीए यात्रा के दौरान जगह-जगह जाकर मतदाताओं को लुभाने का काम भी कर रहे हैं. अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी के सभी प्रवक्ताओं के साथ लगभग 2 घंटे तक बैठक की. इस मीटिंग में कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई. बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय और राजकुमार भाटी भी शामिल रहे.
बिना तैयारी डिबेट में जाने से बचे-अखिलेश यादव
बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बिना तैयारी के किसी डिबेट में जाना मजाक का कारण बनते है. जब तक किसी मामले की पूरी जानकारी नहीं है तब तक उस मामले में बोलने से बचे. प्रवक्ताओं को हर मुद्दे की पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही पार्टी का पक्ष रखना चाहिए.
जाति और धर्म के मुद्दों से बचने की दी सलाह
अखिलेश यादव ने अपने सभी प्रवक्ताओं को किसी भी जाति और धर्म से जुड़े मामलों में बेहद सावधान रहे कर बोलने को कहा है. उन्होंने कहा की ऐसे मुद्दों से बिल्कुल बचना चाहिए जिसने किसी भी समुदाय की भावनाएं आहत होती हैं. इसके साथ ही भाषा और शब्दों के चयन पर विशेष ध्यान रखना चाहिए. हर मुद्दे पर बोलना जरूरी नहीं है. कई बार चुप रहकर भी बड़ा संदेश दिया जा सकता है.
अखिलेश यादव ने रील को लेकर किया सतर्क
उन्होंने बढ़ते सोशल मीडिया के दौर और वायरल होते बयानों से भी बचने को कहा है. उन्होंने कहा कि प्रवक्ताओं की कही गई बात तेजी से वायरल हो जाती है. 10 सेकंड की एक रील भी पार्टी की छवि बनाने और बिगाड़ने में भूमिका निभा सकती है. इसलिए डिबेट और बयान देते समय ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है.
ये भी पढ़ेंः UP राज्यसभा चुनाव: वरुण गांधी-स्मृति ईरानी समेत कितने दावेदार? BJP से इन नेताओं को मिल सकता है मौका
