मूंछों वाले पहलवान कौन हैं? जिसे अखिलेश यादव ने दिया लिफाफा, यूपी में शुरू हुई सियासत
मूंछों पर ताव देते जगदीश यादव
BJP SP Moustache Politics: यूपी चुनाव को लेकर सभी दलों ने कमर कस ली है. चाहे 10 सालों से सत्ता में विराजमान भाजपा सरकार हो या सत्ता के सपने देख रही समाजवादी पार्टी समेत अन्य सभी दल हों. गुरुवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक बड़ी मूंछ वाले व्यक्ति को अपने मंच पर बुलाया और उसकी आर्थिक मदद की, जिसके बाद से भाजपा और सपा आमने-सामने हैं.
दरअसल, कुछ दिनों पहले यूपी पुलिस के एक अधिकारी अशोक सिंह ने अपने मूंछों पर ताव देते हुए कहा था कि यह वीडियो अखिलेश यादव को दे देना. फिर क्या गुरुवार को अखिलेश यादव ने जब अपनी सभा में एक मूंछ वाले व्यक्ति को देखा तो उन्हें पुलिस अधिकारी अशोक सिंह याद आ गए. इस दौरान अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि उसकी मूंछें तो बहुत छोटी थी.
मूंछों को लेकर BJP-सपा आमने-सामने
मंच पर गए मूंछ वाले कार्यकर्ता ने मूंछों पर ताव दिया. यह देखकर अखिलेश यादव खुश हो गए और कार्यकर्ता की आर्थिक मदद की. लेकिन इसको लेकर भाजपा हमलावर हो गई. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा, ‘जब माफिया मूंछों पर देते थे ताव, यूपी में फैलाते थे सांप्रदायिक तनाव, सपा के मुखिया खुद उनका बचाव करते थे और मंच पर कुत्ते से भी पूरा लगाव दिखाते थे.’
ये भी पढे़ंः नाम शेर सिंह, काम नकली नोट छापना… कानपुर पुलिस ने किया जाली नोट गिरोह का भंडाफोड़
BJP राज में अधिकारी बेलगामः सपा प्रवक्ता
भाजपा प्रवक्ता के बयान का जवाब देने के लिए सपा नेताओं ने भी पलटवार किया है. सपा प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के अधिकारी इतने बेलगाम हो गए हैं कि विपक्ष के नेताओं का नाम लेते हैं. सपा प्रवक्ता ने कई उदाहरण देते हुए कहा कि मूंछों पर ताव देने की घटना तो छोटी है. यहां तो हर अधिकारी बेलगाम है. अधिकारी संविधान को ताक पर रखकर काम करते हैं. जिसको लेकर माननीय उच्च न्यायालय को टिप्पणी करना पड़ता है. फिलहाल, यूपी में इन दिनों मूंछों पर सियासी बयानबाजी शुरू है.
मूंछों पर ताव देने वाले कौन?
मूंछों पर ताव देने वाले 75 वर्षीय जगदीश यादव ललितपुर के बघौरा गांव के रहने वाले हैं, जो प्रधान भी रह चुके हैं. इन दिनों वे अपनी राजनीति से ज्यादा मूंछों को लेकर सुर्खियों में हैं.