Vistaar NEWS

उत्तर प्रदेश मे साथ मिलकर चुनाव लडे़ेंगे ओवैसी-चंद्रशेखर, कर द‍िया गठबंधन का ऐलान

up election 2027

ओवैसी-चंद्रशेखर ने किया गठबंधन का ऐलान

up election 2027: उत्तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव से पहले तमाम स‍ियासी समीकरण बन और ब‍िगड़ रहे हैं. इन सब के बीच अब आजाद समाज पार्टी और ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने तीसरे मोर्चे का ऐलान कर द‍िया है. दोनों ही यूपी में एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे. असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने नए गठबंधन का ऐलान किया है. जिसको सामाजिक परिवर्तन मोर्चा नाम दिया गया है.

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हमने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का फैसला किया है. मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह बीजेपी को यूपी में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए एक मजबूत मोर्चा होगा.

चंद्रशेखर आजाद ने क्‍या कहा?

नए मोर्चे के ऐलान के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई ‘तीसरा मोर्चा’ नहीं है, बल्कि सामाजिक बदलाव के लिए एक मोर्चा है. यह मजबूत है और आगे और भी मजबूत होगा. जैसे-जैसे हाशिए पर धकेले गए, वंचित, पीड़ित, शोषित और दबे-कुचले वर्गों के लोग इससे जुड़ेंगे. यह मोर्चा उन लोगों के लिए एक बहुत बड़ी ताकत बन जाएगा जो आज पीड़ित, बेबस और शोषित हैं.

आगे कहा कि उन्होंने हमारी गरीबी और बेबसी को दूर करने, और हमारे खिलाफ होने वाले अत्याचारों, जातिगत हिंसा और जुल्मों को खत्म करने का वादा किया था. लेकिन, यह एक धोखा निकला. जिन लोगों ने हमें ऊपर उठाने और मुख्यधारा में लाने की बात कही थी, वे खुद विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और यहाँ तक कि प्रधानमंत्री बन गए. फिर भी, यह हाशिए पर रहने वाला समुदाय आज भी वहीं खड़ा है. जहां वह हमेशा से था. सच तो यह है कि सरकारें बदलती रहीं, घोषणाएं होती रहीं. लेकिन, आज भी बहुजन समाज बुनियादी सुविधाओं से वंचित है.

ओवैसी ने आजाद को बनाया सीएम उम्मीदवार

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि मैं अपनी पार्टी की ओर से यह कहना चाहता हूं कि हम इस ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमारे भाई चंद्रशेखर आजाद, उत्तर प्रदेश में ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे. हम सब मिलकर इस गठबंधन को सफल बनाने के लिए काम करेंगे. एक ऐसी सफलता जो अंततः उत्तर प्रदेश की जनता की सफलता होगी. जब चंद्रशेखर आज़ाद मुख्यमंत्री बनेंगे, तब हम उन बदलावों को लागू कर सकेंगे जिनकी हमने कल्पना की है. 

ये भी पढ़ें:NCP में फिर टूट की आहट? 22 विधायकों ने की CM से मुलाकात, किन मांगों पर अटकी बात

Exit mobile version