UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी जारी है. इसके साथ ही तमाम नेता अपनी-अपनी दावेदारी पेश करते नजर आ रहे हैं. इन सब के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने ऐसा ऐलान किया है. जिसने पूर्वांचल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है.
योगी सरकार में मंत्री राजभर अब अपनी पुरानी विधानसभा सीट जहूराबाद से चुनाव न लड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने 2027 के चुनाव में अकबरपुर सीट से मैदान में उतरने की बात कही है. यानी इस बार राजभर अपनी पुरानी सियासी जमीन छोड़कर नई जगह से किस्मत आजमाने की तैयारी में हैं.
राजभर ने एबीपी न्यूज के शिखर सम्मेलन 2026 में सीट बदलने की बात कही है. उन्होंने साफ कहा कि वह जहूराबाद सीट छोड़कर अकबरपुर से चुनाव लड़ेंगे. जहूराबाद से उनकी पार्टी का कोई दूसरा उम्मीदवार मैदान में उतरेगा. उनके इस फैसले को आगामी चुनाव से पहले एक बड़े राजनीतिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
जहूराबाद से अकबरपुर तक क्यों बदला रास्ता?
ओम प्रकाश राजभर लंबे समय से गाजीपुर की जहूराबाद सीट से अपनी राजनीतिक पहचान बनाए हुए हैं. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से जीत दर्ज की थी. ऐसे में उनका अचानक सीट बदलने का ऐलान कई सवाल खड़े कर रहा है. हालांकि, उन्होंने अकबरपुर को चुनने की कोई खास वजह नहीं बताई है. लेकिन, चुनाव से पहले अपनी परंपरागत सीट छोड़ना कई सवाल पैदा कर रहा है.
क्या राजभर की अगली रणनीति
राजभर के अपनी परंपरागत सीट छोड़ने की वजह साल 2024 का लोकसभा चुनाव माना जा रहा है. क्योंकि उस चुनाव में इस विधानसभा क्षेत्र में सपा के सनातन पांडेय को बढ़त मिली. 2022 में राजभर की बड़ी जीत और 2024 में सपा की बढ़त के बीच अब उनका जहूराबाद छोड़कर अकबरपुर जाना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है. माना ये भी जा रहा है कि इस सीट पर वह अपने दूसरे बेटे को चुनाव लड़ाना चाहते हैं. फिलहाल अकबरपुर सीट इस समय बीजेपी के खाते में है.
अतरौलिया सीट को लेकर भी चल रही खींचतान
ओम प्रकाश राजभर का सीट बदलने का ऐलान ऐसे समय आया है, जब एनडीए के भीतर विधानसभा सीटों को लेकर सहयोगी दलों के बीच खींचतान की खबरें सामने आ रही हैं. आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर राजभर अपने बेटे अरुण राजभर को चुनाव लड़ाना चाहते हैं. इस सीट पर निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद भी दावा कर रहे हैं. दोनों दलों के बीच बढ़ती खींचतान को देखते हुए राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी की है.
अब देखना होगा कि चुनावी माहौल में किसकी नैया पार हो पाती है और कौन इस सीट पर अपना कब्जा जमा पाता है. लेकिन इतना जरूर है कि चाहे एनडीए हो या फिर इंडिया गठबंधन दोनों में ही सीटों का बंटवारा किसी भी तरह आसान नहीं रहने वाला है.
