उत्तर प्रदेश में साल 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. इसी वजह से सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर दिल्ली में अहम बैठक हुई. लेकिन सबसे इंटरेस्टिंग बात यह है कि यूपी की 403 विधानसभा सीटों के बंटवारे को लेकर हुई यह बैठक मात्र 15 मिनट ही चली और दोनों पक्षों के सभी नेता मीटिंग हॉल से बाहर आ गए.
राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं
इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं होने लगीं. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि सीटों पर जिताऊ उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, चाहे वह किसी भी पार्टी से हो. जानकारी ये भी सामने आई है कि बैठक के दौरान कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को सीटों को लेकर नई लिस्ट भी सौंपी है. इस लिस्ट में पहली लिस्ट के मुकाबले 60-70 नाम कम किए हैं.
कम समय तक चली बैठक को लेकर सवाल
दोनों दलों के बीच कम समय तक चली बैठक को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. सियासी गलियारों में यह भी चर्चाएं हैं कि बाहर-बाहर तो दोनों पक्षों के नेता ‘ऑल इज वेल’ कह रहे हैं लेकिन अंदरखाने में कुछ और ही खिचड़ी पक रही है. बैठक खत्म होने के बाद बाहर निकले नेताओं के अनुसार बातचीत सकारात्मक रही और अगले चरण की बैठक 24 नवंबर को जारी रहने की बात कही गई है.
आराधना मिश्रा ने दी जानकारी
बैठक खत्म होने के बाद जब पत्रकारों ने आराधना मिश्रा से मीटिंग के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया यह दोनों दलों के बीच आपसी भरोसे का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि जब विश्वास होता है तो लंबी बातचीत की जरूरत नहीं होती. शब्द कम होते हैं और नीयत साफ होनी चाहिए. आराधना मिश्रा ने कहा कि दोनों दलों की नीयत साफ है और दोनों को एक-दूसरे पर विश्वास है.
कांग्रेस ने सौंपी नई लिस्ट
जानकारी के मुताबिक आज की बैठक में कांग्रेस ने सपा को करीब 100 से 120 सीटों की लिस्ट सौंपी, जिनको A, B और C तीन कैटेगरी में बांटा गया है. A कैटेगरी में वे 70 सीटें रखी गई हैं जहां पर 2024 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी और 35 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही थी. वहीं B और C कैटेगरी में कुल 60 सीटों को रखा गया है. अब इस लिस्ट पर समाजवादी पार्टी के फीडबैक का इंतजार है.
कांग्रेस को कितनी सीटें मिल सकती हैं?
दोनों ही राजनीतिक दलों में सीट बंटवारे को लेकर कल यानी 24 नवंबर को होने वाली बैठक काफी अहम मानी जा रही है. राजनीति के जानकारों का कहना है कि कांग्रेस और सपा के बीच 60 से 70 सीटों को लेकर सहमति बन सकती है. अब देखना होगा कल की मीटिंग के बाद क्या फैसला होता है.
