Farmers Earn Ten Rupees Liter: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गो संरक्षण, जैविक खेती और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए एफपीओ के जरिए गोमूत्र खरीदने का प्रोजेक्ट शुरू किया है. अभी यह प्रोजेक्ट सिर्फ बुलंदशहर में शुरू किया गया है. जो जल्द ही अन्य हिस्सों में भी लागू किया जाएगा. अभी सरकार ने इसको खरीदने के लिए 10 रुपए प्रति लीटर रेट तय किया है. जिसे भविष्य में बढ़ाकर 20 रूपए प्रति लीटर किए जाने की संभावना है.
जानकारी के अनुसार, अभी सिर्फ बुलंदशहर की स्याना तहसील के नरसैना गांव में किसान उत्पादक संगठन (FPO) ने इस पहल की शुरुआत की है. जिसमें करीब 15 गांवों को जोड़कर स्थानीय केंद्र और गोमूत्र डेयरी बनाई गई है. अभी यहां पर सिर्फ 500 लीटर गोमूत्र प्रतिदिन एकत्रित किया जा रहा है, जिसे बढ़ाने की योजना है.
गांव-गांव में लगे हैं टैंक
किसान उत्पादक संगठन (FPO) ने अभी गांवों में लगभग 200 लीटर प्रतिदिन क्षमता के विशेष टैंक बनाए हैं. गांव-गांव में भी टैंक लगाए गए हैं, ताकि किसी को भी गोमूत्र बेंचने के लिए गांव से बाहर नहीं जाना पड़े. सरकार का उद्देश्य है कि इस योजना से ग्रामीणों विशेषकर महिलाओं को आसानी से जोड़ा जा सके.
ये भी पढ़ेंः ‘दंगाइयों के सामने घुटने टेक देती थी सपा, बरेली में भी..’, अंबेडकरनगर में गरजे CM योगी
पूरे प्रदेश में शुरू होगी पहल
संगठन ने अभी लगभग 300 महिलाओं को इस पहले से जोड़ा है और उन्हें शेयरहोल्डर बनाया है. गोमूत्र के संग्रहण में सहयोग करने पर महिलाओं को 2 रुपए प्रति लीटर कमीशन भी दिया जा रहा है. सरकार गोमूत्र के माध्यम से कई प्रकार की जड़ी-बूटियां मिलाकर केमिकल-युक्त दवाइयां तैयार करेगी. इस पहल का विस्तार जल्द ही पूरे प्रदेश में किया जाएगा.
