Vistaar NEWS

UP Viral News: DM अंकल सड़क बनवा दो’, 6 साल की मानवी का वीडियो वायरल; जिलाधिकारी खुद बच्ची के घर पहुंचे

District Magistrate inspecting the road with a 6-year-old girl in Lakhimpur, UP.

यूपी के लखीमपुर में 6 साल की बच्ची के साथ सड़क का निरीक्षण करते जिलाधिकारी.

6-Year-Old’s Plea: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक 6 साल की बच्ची की सड़क बनाने की अपील पर जिलाधिकारी खुद मासूम के घर पहुंच गए. इसके बाद बच्ची के साथ जाकर ही उन्होंने सड़क का निरीक्षण किया. बच्ची का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. जिसमें बच्ची ने कहा था कि डीएम अंकल मेरे घर के पास सड़क बनवा दो. जैसे ही डीएम अंजनी कुमार सिंह को इसकी अजानकारी हुई वो खुद बच्ची से मिलने पहुंच गए.

DM अंकल’ ने सुन ली बच्ची की अपील

पूरा मामला लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र का है. यहां क्लास फर्स्ट में पढ़ने वाली सलेमपुर कोन इलाके की एक 6 साल की मानवी का वीडयो कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें बच्ची ने जिलाधिकारी से अपील करते हुए कहा था, ‘हैलो डीएम अंकल. आप बहुत अच्छे हैं. मेरे घर की सड़क बनवा दीजिए. आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है.’

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह को भी इसकी जानकारी मिली. इसके बाद वह अपनी टीम के साथ सीधे बच्चे के घर पहुंच गए.

बच्ची का हाथ पकड़कर किया सड़क का निरीक्षण

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह मानवी का हाथ पकड़कर उसको अपने साथ सड़क पर ले गए. खड़ंजो वाली सड़क पर उन्होंने बच्ची के साथ सड़क का मुआयना किया. डीएम ने बच्ची समेत इलाके के सभी लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सड़क बनेगी. इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि तुरंत समस्या का निस्तारण किया जाए.

बता दें सड़क ना बनने से स्कूली बच्चों समेत आने जाने वाले सभी लोगों को काफी दिक्कत होती है. पानी भरने के कारण हमेशा हादसे का डर बना रहता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत की गई. लेकिन जिम्मेदारों की तरफ से आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला. हालांकि अब छोटी बच्ची की अपील के बाद खुद जिलाधिकारी के निरीक्षण करने पर लोगों में सड़क निर्माण को लेकर उम्मीद जगी है.

‘बच्ची की पुकार को अनसुना मत कीजिए’

बच्ची का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने बच्ची का वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर तंज कसा है. यूपी कांग्रेस ने लिखा, ‘भाजपा सरकार के डिजिटल इंडिया के दौर में बचपन कीचड़ से गुजर रहा है. लखीमपुर खीरी में एक मासूम बच्ची डीएम साहब से सड़क की गुहार लगा रही है, ताकि वह स्कूल जा सके. मुख्यमंत्री जी, अगर थोड़ी सी भी शर्म बची हो, तो कम से कम इस बच्ची की पुकार को अनसुना मत कीजिएगा.’

ये भी पढे़ं: ‘बंगाल जैसा घपला ही UP विधानसभा चुनाव में हुआ’, ममता बनर्जी के पीटने वाले आरोप पर बोले अखिलेश यादव

Exit mobile version