Purvanchal Political Mood Shift: उत्तर प्रदेश की सियासत में पूर्वांचल का इलाका काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां हमेशा से बाहुबली नेताओं का प्रभाव रहा है. यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सभी नेताओं ने चुनावी तैयारियां भी शुरू कर दी है. यूपी के बाहुबली नेता माने जाने वाले बृजेश सिंह ने भी इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है. हालांकि, अभी उन्होंने यह नहीं बताया कि किस पार्टी और किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन उन्होंने चुनाव जरूर लड़ने की बात कही है. उनके चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद ही पूर्वांचल की सियासी हलचल तेज हो गई है.
बता दें, बृजेश सिंह का नाम कभी अंडरवर्ल्ड से भी जुड़ा रहा. बृजेश सिंह ने काफी समय पहले ही राजनीति में एंट्री कर ली थी, लेकिन अभी तक केवल पर्दे के पीछे रहकर ही चुनाव लड़ाया करते थे, लेकिन अब वे खुद विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने के लिए तैयार हैं. हालांकि वे अभी तक एमएलसी के चुनाव तक ही सीमित थे. लेकिन रविवार को बाराणसी के अस्सी घाट पर पहुंचे बृजेश सिंह ने खुद विधानसभा चुनाव लड़के की जानकारी दी है.
क्या बोले बृजेश सिंह?
वाराणसी के अस्सी घाट पहुंचे बृजेश सिंह ने कहा, मैं विधानसभा चुनाव लड़ूंगा और कहां से लड़ूंगा, इसकी जानकारी जल्द ही मिलेगी. मैं रघुवंशी हूं. वचन देता हूं कि आपकी किसी पीड़ा में प्राण देकर शामिल होऊंगा. बृजेश सिंह के इस बयान के बाद पूर्वांचल में सियासी तपिश बढ़ गई है.
पूर्वांचल की कई सीटों पर बृजेश सिंह का प्रभाव
अगर बृजेश सिंह विधानसभा चुनाव लड़ते हैं, तो इसका असर पूर्वांचल की कई सीटों पर देखने को मिलेगा. गाजीपुर, वाराणसी, मऊ, जौनपुर और चंदौली जिले में बृजेश सिंह का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है. ऐसे में अगर वे चुनाव लड़ते हैं, तो उनकी पार्टी को इसका फायदा जरूर मिलेगा. क्योंकि बृजेश सिंह और उनके परिवार का वाराणसी और आसपास की कई सीटों पर दशकों से दबदबा रहा है.
ये भी पढ़ेंः अखिलेश यादव कब करेंगे रामलला का दर्शन? बताया सही समय, सीएम योगी बोले- कम से कम इसी से सद्बुद्धि आएगी
सवर्णों में अच्छा खासा प्रभाव
माना जा रहा है कि बृजेश सिंह चंदौली, वाराणसी या फिर जौनपुर की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं. उनके चुनावी मैदान में उतरते ही पूर्वांचल की जमीनी राजनीति में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. पूर्वांचल में बृजेश सिंह को सवर्णों का वोट अच्छा खासा मिलने की संभावना है.
