कौन हैं IAS दिव्या मित्तल? लंदन की नौकरी छोड़ बनीं अफसर, अब फैसलों और काम से फिर चर्चा में
IAS दिव्या मित्तल
who is ias Divya Mittal: उत्तर प्रदेश की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल एक बार फिर सुर्खियों में हैं.मिर्जापुर में जिलाधिकारी रहते हुए उनके कार्यकाल में एक ऐसे गांव तक पहली बार पाइपलाइन से पेयजल पहुंचाने का काम पूरा हुआ, जहां आजादी के दशकों बाद भी लोग पानी की समस्या से जूझ रहे थे। इस पहल के बाद उनका नाम फिर चर्चा में है.
दिव्या मित्तल 2013 बैच की उत्तर प्रदेश कैडर की IAS अधिकारी हैं। उन्होंने IIT दिल्ली से इंजीनियरिंग और IIM बेंगलुरु से मैनेजमेंट की पढ़ाई की.सिविल सेवा में आने से पहले वह लंदन में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में डेरिवेटिव ट्रेडर के तौर पर काम करती थीं.
क्यों चर्चा में हैं दिव्या मित्तल
मिर्जापुर में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने पेयजल, ग्रामीण विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया. उनके कार्यकाल में कई गांवों में जलापूर्ति परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया गया. हाल ही में लहुरियादह गांव में घर-घर पानी पहुंचने की खबर के बाद उनका यह काम फिर चर्चा में आ गया.
इससे पहले दिव्या मित्तल देवरिया की जिलाधिकारी भी रह चुकी हैं. वहां उन्होंने राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण, जनसुनवाई व्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा पर फोकस किया. प्रशासनिक कामकाज में जवाबदेही बढ़ाने के लिए उन्होंने अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग भी कराई.
जहां रहीं वहां अपने काम से बनाई पहचान
संत कबीर नगर में जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण अभियान और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी. वहीं बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष के रूप में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई और शहरी विकास परियोजनाओं को गति देने के फैसले भी चर्चा में रहे.
अपने शुरुआती प्रशासनिक कार्यकाल में वह मेरठ में संयुक्त मजिस्ट्रेट, गोंडा में मुख्य विकास अधिकारी और केंद्र सरकार में नीति आयोग की सहायक सचिव की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं. प्रशासनिक सख्ती, जमीनी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की लगातार निगरानी उनकी कार्यशैली की पहचान मानी जाती है.
हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने उनका तबादला करते हुए उन्हें राजस्व विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है. लगातार अलग-अलग जिलों में किए गए कामों और जनहित से जुड़े फैसलों की वजह से दिव्या मित्तल प्रदेश की चर्चित महिला IAS अधिकारियों में शामिल हैं.
ये भी पढ़ें:कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन की सख्ती! इन चीजों का रखना होगा खास ध्यान, वरना हो सकती है समस्या