अखिलेश बनें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, लेकिन… सीट बंटवारे पर मचे घमासान के बीच क्या बोले इमरान मसूद
इमरान मसूद
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले जमकर खींचतान देखने को मिल रही है. खासतौर पर सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच बयानबाजी का दौर जारी है. सांसद इमरान मसूद हो या फिर अखिलेश यादव दोनों ही तीखी बयानबाजी से चूक नहीं रहे हैं. इन सब के बीच मसूद के एक बयान ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है.
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि हमारा रुख बिल्कुल साफ है. हम चाहते हैं कि चुनाव मिलकर लड़ा जाए और अखिलेश यादव यूपी के मुख्यमंत्री बने. लेकिन, हमारी बस यही मांग है कि हमें भी इसमें जगह मिलनी चाहिए.
मसूद ने आगे कहा कि हमें सीटें दीजिए, हम जीतकर दिखाएंगे. हमें क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों चाहिए. आप सीएम पद ले लीजिए, उस पर कोई विवाद नहीं है. लेकिन आप अपने ही सहयोगी को छोटा क्यों दिखाना चाहते हैं?
हम भिखारी नहीं हैं- इमरान मसूद
सीटों को लेकर संयम बरतने की सपा नेताओं की नसीहत पर मसूद ने पलटवार किया है. उन्होंने अपनी पुरानी भिखारी वाली टिप्पणी को दोहराते हुए कहा, हम आपसे कुछ मांगने वाले भिखारी नहीं हैं. हमें आपसे कुछ नहीं चाहिए. गठबंधन में सहयोग का मतलब एक-दूसरे को सम्मान देना होता है. कुल मिलाकर दोनों के बीच चल रही इस तरह की बयानबाजी के बाद बात बनने के बजाय बिगड़ती नजर आ रही है.
उन्होंने दावा किया, जब भी सपा ने मेरे बिना सहारनपुर में चुनाव लड़ा है, उनका कोई वजूद नहीं रहा। अखिलेश जी एक वरिष्ठ नेता हैं, उन्हें उदारता दिखानी होगी.
नहीं थम रही दोनों दलों के बीच बयानबाजी
समाजवादी पार्टी ने जब से 5 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है. तब से ही कांग्रेस नेता नाराज नजर आ रहे हैं. खासतौर पर कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद इस मामले में सपा को पानी पी पी कर कोश रहे हैं. तो वहीं दूसरी तरफ सपा भी इमरान के बयान पर लगातार पलटवार कर रही है. अब देखना होगा कि एक चुनाव लड़ने का वादा करने के बाद दोनों दलों के बीच चुनाव से पहले बातचीत सही हो पाती है या नहीं.



