CM Yogi On Raksha Bandhan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है. सीएम ने रक्षाबंधन के अवसर पर दो दिनों (27 और 28 अगस्त) तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाओं के लिए फ्री सफर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने इसके लिए शनिवार को उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की थी. जिसमें उन्होंने प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को फ्री में सफर करने का उपहार दिया. महिलाओं के साथ ही उनके साथी की भी यात्रा फ्री रहेगी.
दरअसल, सीएम योगी ने शनिवार को प्रदेश स्तर पर एक बैठक आयोजित की, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड में तैनात प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए. इस दौरान प्रदेश के कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई. जिसके बाद सीएम ने निर्देश दिया कि रक्षाबंधन के त्योहार को मद्देनजर रखते हुए बच चालकों की जांच तेज की जाए और उन पर निगरानी रखी जाए. इसके साथ ही महिलाओं को 2 दिनों तक फ्री में सफर कराया जाए, ताकि रक्षाबंधन पर बहनें सुरक्षित और आसानी से अपने घर पहुंच सकें, इसके लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन मिलकर पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करें.
बैठक में इन मुद्दों की समीक्षा
इस दौरान सीएम योगी ने प्रदेश में जलभराव, बाढ़ की स्थिति, चीनी की उपलब्धता, आगामी गन्ना पेराई सत्र तथा विद्यालयों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की. सीएम ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए. नशे का सेवन करने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति न दी जाए. निजी बसों के चालकों का सत्यापन कराया जाए. इसके साथ ही महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएं. परिवहन और पुलिस विभाग यह सुनिश्चित करें कि रक्षाबंधन पर यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन मिल सके.
ये भी पढ़ेंः संभल से विदाई के वक्त छलके SP केके बिश्नोई के आंसू, DM ने पिलाया पानी, IPS पत्नी के जिले से बढ़ी दूरी
जलभराव वाले क्षेत्रों की मांगी जानकारी
सीएम योगी ने बैठक के दौरान प्रदेश के कई डिवीजनों और जिलों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने राजधानी लखनऊ समेत प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ गाजियाबाद, सहारनपुर के डिविजनल कमिश्नरों और नोएडा अथॉरिटी से जलभराव वाले क्षेत्रों से जानकारी मांगी.
