यूपी चुनाव से पहले सीएम योगी का युवाओं को तोहफा, सरकारी नौकरी में अग्रिवीरों को मिलेगा 20% आरक्षण
योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली से पहले युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है. सीएम योगी ने कहा कि भारतीय सेना से सेवा पूरी करके लौटने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार की नौकरियों में बिना किसी लिखित परीक्षा के 20% क्षैतिज (Horizontal) आरक्षण मिलेगा. यह आरक्षण मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश पुलिस, प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC), होम गार्ड्स, फायर सर्विसेज, जेल विभाग और वन विभाग जैसी सरकारी नौकरियों में लागू होगा.
गोंडा जिले में सभा को किया संबोधित
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गोंडा जिले की गौरा विधानसभा के दौरे पर रहे. यहां उन्होंने तेजपुर गांव में 520 करोड़ रुपये की लागत वाली 69 परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए राज्य के युवाओं और गरीब परिवारों के लिए दो बड़े और ऐतिहासिक एलान किए. यूपी में आने वाले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.
महिला वोट साधने का प्रयास
ऐसे में गोंडा से सीएम योगी ने प्रदेश के महिला वोटों को साधने की कोशिश की है. साथ ही उन्होंने विपक्ष यानी समाजवादी पार्टी पर तीखे हमले किए हैं. गोंडा की सभा में सीएम योगी ने ऐलान करते हुए कहा कि हर गरीब परिवार को रसोई गैस का कनेक्शन दिया जाएगा. इतना ही नहीं, हर गरीब परिवार को दीपावली से पहले एक रसोई सिलेंडर पूरी तरह से मुफ्त दिया जाएगा.
अब दंगा मुक्त है यूपी – सीएम योगी
माफियाओं और दंगाइयों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त प्रदेश है. अगर किसी ने बहन-बेटियों की सुरक्षा मं सेंध लगाने की कोशिश की तो उसका अंजाम एकदम तय है. उन्होंने रोजगार के आंकड़ों को साझा करते हुए कहा कि इसी हफ्ते यूपी में 4,500 सब-इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. इसके बाद शिक्षकों और अधीनस्थ सेवा के 25 से 30 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएंगी.
ये भी पढ़ें:पूर्व CM सिद्धारमैया के खिलाफ स्टिंग की साजिश? कुमारस्वामी के घर पहुंचा था वीडियो बनाने वाला फोन