Vistaar NEWS

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका, SI समेत 2 घायल, ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ ने ली जिम्मेदारी

Ghaziabad Police Outpost Blast

गाजियाबाद: वसुंधरा पुलिस चौकी में ब्लास्ट

Ghaziabad Police Outpost Blast: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार (6 नवंबर) रात तेज ब्लास्ट हुआ. धमाके की तीव्रता इतनी तेज थी कि चौकी की खिड़की के दो शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई. इस हादसे में सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी बॉय घायल हो गए.

क्या है पूरा मामला?

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि विस्फोट का कारण क्या है? इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा. घटना के समय वसुंधरा पुलिस चौकी के एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद थे, जो कोई सामान देने आया था. कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया. ब्लास्ट शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुआ.

पुलिस चौकी के आसपास CCTV कैमरा नहीं

धमाके के बाद वसुंधरा पुलिस चौकी के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है. उत्तर प्रदेश एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है. जांच टीम ने सैंपल जुटाए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए आगरा भेजा गया है. सबसे हैरान करने वाली बात ये हैं कि आसपास कोई कैमरा नहीं लगा है, जिससे घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी है. वहीं, पुलिस चौकी के मेन गेट पर लगे कैमरे में क्या रिकॉर्ड हुआ इस बारे में पता नहीं चल सका है.

‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ ने जिम्मेदारी

वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाके से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है. इस पर दावा किया है कि ‘तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान’ ने इसकी जिम्मेदारी ली है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गाजी-2 (Ghazi-2) नामक अकाउंट में इसका दावा किया गया है. इस अकाउंट के बारे में जांच दल जानकारी जुटाने में लगा हुआ है.

पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह का क्या कहना है?

यूपी के पूर्व डीजीपी डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि यह बहुत चिंता की बात है कि एनसीआर क्षेत्र में गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम इलाके में स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी पर एक जोरदार धमाका हुआ है. फॉरेंसिक विभाग और बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) जांच के लिए मौके पर मौजूद हैं. वरिष्ठ अधिकारी भी जांच की निगरानी कर रहे हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही जवाब मिल पाएंगे. इसके बाद गहन जांच से ही धमाके के कारण का पता चल सकेगा.

Exit mobile version