पाकिस्तान के क्वेटा में ब्लास्ट, चमन गेट के पास ट्रेन को बनाया निशाना; कई लोगों की मौत
क्वेटा में ब्लास्ट
Chaman Gate Blast: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर बड़ा आतंकी हमला हुआ है. क्वेटा के चमन फाटक इलाके में रेलवे ट्रैक के पास जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके दौरान वहां से गुजर रही जाफर एक्सप्रेस ट्रेन निशाने पर आ गई. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हुई है, जबकि 100 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है.
बताया जा रहा है कि हमला उस समय हुआ जब ट्रेन क्वेटा कैंट इलाके से आगे बढ़ रही थी. धमाका इतना तेज था कि ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर गईं. कुछ डिब्बों में आग लग गई और आसपास खड़े वाहन व इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
पाकिस्तानी मीडिया और अंतर्राष्ट्रीय रिपोर्टों के मुताबिक हमले में सुरक्षा बलों के जवान भी निशाने पर थे. कई घायल यात्रियों को क्वेटा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. प्रशासन ने इलाके को घेरकर राहत और जांच अभियान शुरू कर दिया है.
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी
इस हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है. संगठन ने दावा किया कि उसने फिदायीन हमला किया और ट्रेन में सुरक्षा बलों के जवान मौजूद थे. बलूचिस्तान में पिछले कुछ महीनों में ट्रेन और सुरक्षा ठिकानों पर हमले लगातार बढ़े हैं. इससे पहले भी जाफर एक्सप्रेस कई बार आतंकियों के निशाने पर रह चुकी है.
क्वेटा और चमन गेट का इलाका पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा के करीब माना जाता है और लंबे समय से उग्रवादी गतिविधियों का केंद्र रहा है. हाल के महीनों में बलूचिस्तान में हिंदू और आतंकी घटनाओं में तेजी देखी गई है. बीएलए पिछले कई महीनों से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान के बीच हो गया समझौता? परमाणु कार्यक्रम से लेकर होर्मुज स्ट्रेट तक क्या-क्या हुआ तय