Bilaspur में महिला शव के साथ छेड़छाड़ का आरोप, तंत्र साधना कर रहे अघोरी को भीड़ ने घसीट-घसीटकर पीटा
बिलासपुर
Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के कोनी थाना क्षेत्र के श्मशान घाट में तंत्र साधना करने वाले आरोपी पर भीड़ ने जानलेवा हमला किया है. आरोप है कि, अघोरी पर महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना करने का आरोप लगा था, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने उसे जमीन पर घसीट-घसीट कर पीटा.
अघोरी के साथ बुरी तरह से मारपीट
गुस्साए ग्रामीणों ने अघोरी के साथ बुरी तरह से मारपीट की गई. इसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि, अघोरी को किस तरीके से पीटा गया है. वीडियो में कुछ लोग अघोरी के बाल खींच रहे हैं, उसे जमीन पर पटक कर मार रहे हैं, जिसके कारण उसके मुंह से खून निकल रहा है. वीडियो भेजने वाले व्यक्ति ने दावा किया है कि, यह शख्स श्मशान घाट में महिला की लाश के साथ तंत्र साधना कर रहा था और शव के साथ छेड़छाड़ कर रहा था.
ये खबर भी जरूर पढ़ें:- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज भव्य समापन, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि, CM साय करेंगे अध्यक्षता
कोनी पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही, कोनी पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घायल अघोरी को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. हालांकि, पुलिस का इस मामले में अलग बयान सामने आया है. पुलिस ने बताया कि, दोनों पक्षों के बीच इस लड़ाई की वजह आपसी रंजिश बताई गई.
मामले के सामने आते ही इलाके में सनसनी फैल गई है. ग्रामीणों द्वारा उठाया गया कदम चर्चा में है. वहीं, पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है. मामले में पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है