Bilaspur Central Jail: बिलासपुर सेंट्रल जेल एक बार फिर विवादों में घिर गया है. जेल के अंदर बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो बंदियों से मुलाकात के दौरान बनाया गया है. जिसके बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, बंदियों से मुलाकात के लिए पहुंचे कुछ लोगों ने जेल परिसर के अंदर ही मोबाइल से वीडियो बना लिया. इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. वीडियो में साफ तौर पर जेल परिसर और मुलाकात क्षेत्र नजर आ रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद जेल महकमे में हड़कंप मच गया है.
सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
सेंट्रल जेल जैसी हाई सिक्योरिटी जगह पर मोबाइल अंदर कैसे पहुंचा, ये सबसे बड़ा सवाल है. जेल में प्रवेश से पहले मुलाकातियों की सघन तलाशी ली जाती है. मोबाइल, कैमरा समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान अंदर ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है. इसके बावजूद लोग मोबाइल अंदर ले जाने में कामयाब हो रहे हैं. इससे साफ है कि सुरक्षा जांच में बड़ी लापरवाही बरती जा रही है.
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
खास बात ये है कि बिलासपुर सेंट्रल जेल से इस तरह के वीडियो पहले भी सामने आ चुके हैं. कुछ महीने पहले जेल के अंदर एक कैदी के मोबाइल पर बात करते हुए वीडियो वायरल हुआ था. उस वीडियो में कैदी बैरक के अंदर आराम से मोबाइल पर बात करता नजर आया था. उस मामले में भी जेल प्रबंधन ने जांच की बात कही थी, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं.
एक साल में 6 कैदियों की मौत
वहीं, करीब एक साल के अंदर बिलासपुर सेंट्रल जेल में 6 कैदियों की मौत भी जेल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े कर चुकी है. परिजनों ने कई बार जेल प्रबंधन पर लापरवाही और बेहतर इलाज न मिलने के आरोप लगाए हैं. लगातार हो रही मौतों और अब वीडियो वायरल होने से जेल की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गए हैं.
इस पूरे मामले पर जेल प्रबंधन का कहना है कि सुरक्षा जांच के बावजूद कुछ लोग चालाकी से छिपाकर मोबाइल अंदर ले जाते हैं. जेल अधीक्षक ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाना इतना आसान नहीं, जानिए क्या है पूरा संवैधानिक खेल
