कोरबा. धान खरीदी के बीच हाथियों की मौजूदगी ने प्रशासनिक अफसरों की चिंता बढ़ा दी है. कोरबा व कटघोरा वनमंडल में 73 हाथियों के विचरण से करीब दो दर्जन उपार्जन केंद्रों पर खतरा मंडरा रहा है. हाथी धान की महक से खरीदी केंद्र तक पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकते हैं. जिसे देखते हुए प्रशासन और वन विभाग ने सुरक्षा व भंडारण की रणनीति तैयार की है.
राज्य सरकार के निर्देश पर 15 नवंबर से धान की खरीदी शुरू कर दी गई है. इसके लिए जिले में 60 सहकारी समिति के 73 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 8 नए उपार्जन केंद्र भी शामिल हैं. इन उपार्जन केंद्रों में 53 हजार 475 किसान पंजीकृत हैं, जिनसे करीब 31 लाख 16 हजार 270 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है. प्रशासन द्वारा किसानों से धान की खरीदी को सुचारू और पारदर्शी बनाने हर संभव प्रयास किया जा रहा है. इसके अलावा समय पर धान उठाव को लेकर जोर दिया जा रहा है. खासकर हाथी प्रभावित क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों को फोकस किया जा रहा है. बीते साल हाथियों ने भारी उत्पात मचाया था. इस दौरान शेड और फेसिंग तार क्षतिग्रस्त हुआ था.
हाथियों ने उपार्जन केंद्र में रखे धान को निवाला बनाया था. इस बार भी कोरबा व कटघोरा वनमंडल में धान खरीदी के साथ हाथियों की मौजूदगी सामने आई है. दोनों वनमंडल में करीब 73 हाथी विचरण कर रहे हैं, जो धान की महक से खरीदी केंद्र तक पहुंच सकते हैं. हाथियों के कारण होने वाले नुकसान को लेकर प्रशासन व वन विभाग अलर्ट मोड में है. कटघोरा के पसान, केंदई, एतमानगर व कोरबा के कुदमुरा, करतला तथा बालको क्षेत्र को संवेदनशील घोषित किया गया है. प्रशासन ने हाथी प्रभावित केंद्रों धान की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों की तैनाती के साथ ही हाई मास्ट लाइट व तार फेसिंग के निर्देश जारी किए गए हैं. इसके अलावा हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों से धान उठाव को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि जाम की स्थिति निर्मित न हो. इससे हाथी से होने वाली नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी.
लबेद में बनेगा धान संग्रहण केंद्र
कोरबा वनमंडल के लबेद में संग्रहण केंद्र बनाया जाएगा, जहां हाथी प्रभावित उपार्जन केंद्रों के धान को रखा जाएगा. लबेद में बनने वाले संग्रहण केंद्र की क्षमता लगभग 10 लाख क्वटल की होगी. इसी तरह कटघोरा वनमंडल में भी संग्रहण केंद्र बनाने जगह की तलाश की जा रही है. यहां हाथी प्रभावित क्षेत्र के अलावा उन उपार्जन केंद्रों के धान रखे जाएंगे, जहां खरीदी के बाद उठाव में देरी के कारण जाम की स्थिति निर्मित होती है.
वनकर्मियों की होगी तैनाती, वॉच टॉवर से निगरानी
वन विभाग द्वारा हाथियों की निगरानी के लिए वॉच टॉवर का निर्माण किया गया है. जहां वन कर्मियों की तैनाती की जाएगी. वे वॉच टॉवर से दिन और रात हाथियों की मॉनिटरिंग करेंगे. इसके अलावा वन विभाग की गश्ती दल और हाथी मित्र दल के सदस्यों को अलर्ट किया गया है. हाथियों के मौजूदगी की सूचना तत्काल केंद्र प्रभारियों को दी जाएगी. ग्रामीणों व किसानों को भी हाथियों के करीब जाने से बचने जागरूक किया जाएगा.
यह है हाथी प्रभावित केंद्र
जिले में 24 उपार्जन केंद्र हाथी प्रभावित क्षेत्र में हैं. जिनमें के श्यांग, लेमरू, बरपाली, चिर्रा, कोरबा, कोरकोमा, चचिया, कुदमुरा व कटघोरा, जटगा, पसान, लैंगा, मोरगा, पोंड़ी उपरोड़ा, सिरमिना, कुल्हरिया, कोरबी, परसा, पिपरिया, सोहागपुर, लबेद, करतला, रामपुर, मदवानी, नवापारा, व बेहरचुआं शामिल हैं.
