CG News: रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के पुसौर नगर पंचायत में भारतीय जनता पार्टी यानी कि bjp को बड़ा झटका लगा है. दरअसल, पुसौर नगर पंचायत में पार्टी के 8 पार्षदों ने पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफे के लिए आवेदन किया है. सभी 8 पार्षदों ने प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की पेशकश की है.
जिला भाजपा अध्यक्ष को सौंपा आवेदन
सभी 8 पार्षदों ने अपनी सदस्यता से त्यागपत्र देने का आवेदन जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपा है. एक साथ इतने पार्षदों के इस्तीफे पर पुसौर भाजपा में हड़कंप मच गया है. अलग अलग सवाल सामने आ रहे हैं कि पार्षदों ने ये कदम क्यों उठाया होगा.
विकास कार्य नहीं होने का आरोप
बताया जा रहा है कि यह भाजपा पार्षद कुछ समय से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज थे. पार्षदों का आरोप है कि क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हो पा रहे थे.इसी को लेकर वे पिछले कुछ समय से नाराज चल रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी के चलते पार्टी सदस्यों ने यह कदम उठाया.
इन भाजपा पार्षदों के इलाके में लंबे समय से विकास कार्य में कोई प्रगति नहीं देखी जा रही थी. पार्षदों ने दावा किया कि पानी, बिजली, सड़क और नाली के काम समय से नहीं हो रहे थे. यही नहीं पार्षदों ने शासकीय कर्मचारियों के रवैये और प्रशासनिक कामकाज पर भी सवाल उठाए हैं.बताया जा रहा है कि नाराजगी बढ़ने के बाद सभी 8 पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का फैसला लिया. पुसौर नगर पंचायत में कुल 15 पार्षद हैं और यहां भाजपा के पास बहुमत है.
