CG News: छत्तीसगढ़ के बेलौदी गांव में चाट-गुपचुप खाने से 25 लोग बीमार, उल्टी-दस्त के बाद स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

CG News: ग्राम बेलौदी में बाजार के ठेले से चाट-गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए.
People suffered from vomiting and diarrhea.

लोगों को हुई उल्‍टी दस्‍त की परेशानी

CG News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह ग्राम बेलौदी में बाजार के ठेले से चाट-गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोग उल्टी-दस्त की चपेट में आ गए. अचानक बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हुई और गांव पहुंचकर लोगों की जांच शुरू की.

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा

ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुनेश्वर कठौतिया के निर्देशन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश मिर्झा, सेक्टर पर्यवेक्षक उत्तम मधुकर और मितानिनों की टीम गांव पहुंची. टीम ने हाउस-टू-हाउस सर्वे शुरू कर मरीजों की पहचान की और प्रभावित लोगों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया.

गंभीर मरीजों को किया गया रेफर

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंभीर स्थिति वाले मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन रेफर किया. अधिकारियों के अनुसार समय पर उपचार मिलने से मरीजों की स्थिति नियंत्रण में है और गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है.

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

सीएमएचओ मनोज दानी ने लोगों से मौसम को देखते हुए बासी भोजन और बाहर खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की है. अधिकारियों ने साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है.

ये भी पढे़ं- Gariaband: भरे मंच से मंत्री दयाल दास बघेल ने वन विभाग के SDO को लगाई फटकार, जानें पूरा मामला

ज़रूर पढ़ें