CG News: दुर्ग में नाबालिग को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, तेजाब फेंकने और पिता की हत्या की धमकी देने का है आरोप

CG News: पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर जामुल पुलिस ने आरोपी रियाज को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला जामुल थाना क्षेत्र का है.
Accused arrested for threatening a minor in Durg

दुर्ग में नाबालिग को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार

CG News: दुर्ग जिले में एक नाबालिग लड़की को लगातार परेशान करने और गंभीर धमकियां देने का मामला सामने आया है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर जामुल पुलिस ने आरोपी रियाज को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मामला जामुल थाना क्षेत्र का है.

लगातार पीछा कर करता था परेशान

पीड़िता ने बताया कि आरोपी लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था और अक्सर रास्ता रोककर उसे परेशान करता था. आरोपी ने लड़की को एक मोबाइल देकर जबरन उससे बात करने के लिए मजबूर किया. इतना ही नहीं, उसने पीड़िता के पिता को जान से मारने और लड़की के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी. आरोपी की इन हरकतों से नाबालिग काफी डरी और सहमी हुई थी.

परिजनों ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद पीड़िता ने अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार तत्काल जामुल थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत की गई थी, लेकिन उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रियाज को हिरासत में ले लिया.

जांच के बाद बढ़ सकती हैं अन्य धाराएं

दुर्ग शहर के एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि जामुल थाने में प्राप्त शिकायत के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया है. पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया जा रहा है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपी पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी. फिलहाल जामुल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से विवेचना में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं- Durg News: बीएसपी स्क्रैप चोरी कांड में बड़ा खुलासा, लंबे समय से चल रहा था सिंडिकेट, करोड़ों का सामान जब्त

ज़रूर पढ़ें