Durg Local News: दुर्ग ज़िले की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था अब एक नए दौर में प्रवेश करने जा रही है. शहर की सड़कों पर जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी. प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत बुधवार को भिलाई में पहली इलेक्ट्रिक बस पहुंची, जिसका ट्रायल किया गया.
निगम के अधिकारियों ने लिया जायजा
इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बस में सफर कर उसकी संचालन व्यवस्था, सुविधाओं और निर्धारित मार्गों का जायजा लिया. दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए शासन ने कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मंजूरी दी है. पहले चरण में 20 बसें सड़कों पर उतारने की तैयारी है.
कलेक्टर ने ली जानकारी
दरअसल ट्रायल के दौरान बस ने नेहरू नगर चौक, सूर्या मॉल चौक, शंकराचार्य हॉस्पिटल, धमधा रोड, ग्रीन चौक, दुर्ग रेलवे स्टेशन रोड, दुर्ग बस स्टैंड, राजेंद्र प्रसाद चौक, ठगड़ा बांध, पंथी चौक होते हुए रिसाली से भिलाई तक का सफर तय किया. कलेक्टर अभिजीत सिंह और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह भी दुर्ग बस स्टैंड पहुंचे और ई-बस सेवा की संचालन व्यवस्था एवं सुविधाओं की जानकारी ली.
बसों की पार्किंग और चार्जिंग के लिए व्यवस्था
ई-बसों के संचालन के लिए दुर्ग के कादंबरी नगर, सिकोला भाठा में डिपो तैयार किया गया है. यहां बसों की पार्किंग और चार्जिंग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. भिलाई नगर निगम के अधिकारी तिलेश्वर साहू ने बताया कि दुर्ग बस स्टैंड से पावर हाउस, बेरला, साजा और गंडई तक बसें चलाने की योजना है. वहीं दुर्ग रेलवे स्टेशन से गुंडरदेही, पाटन, उतई, रायपुर बस स्टैंड, माना एयरपोर्ट और नया रायपुर तक भी कनेक्टिविटी प्रस्तावित है.
इन बसों में सीसीटीवी कैमरे, लाइव लोकेशन ट्रैकिंग और मोबाइल ऐप से टिकट लेने जैसी सुविधाएं देने की योजना है. ई-बस सेवा शुरू होने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता घटेगी और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी. ट्रायल के बाद अब बसों के नियमित संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं.
