छत्तीसगढ़ के 4 शहरों को मिलेगी 240 ई-बसों की सौगात, रायपुर में चलेंगी सबसे ज्यादा 100 बसें
सांकेतिक तस्वीर
CG News: छत्तीसगढ़ के चार बड़े शहरों को 240 ई-बसों की सौगात मिलने वाली है. इन बसों के संचालन के लिए डिप्टी सीएम और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड कंपनी के साथ कंसेशन एग्रीमेंट करेंगे. ये करार रविवार को दोपहर 3 बजे होगा. इस कार्यक्रम में आठों नगरीय निकायों के महापौर और आयुक्त शामिल होंगे. जिन शहरों में ई-बसों को संचालित किया जाएगा. उसमें रायपुर, बिलासपुर, भिलाई और कोरबा शामिल हैं.
रायपुर में चलेंगी सबसे ज्यादा बसें
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अनुसार प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत पहले चरण में राज्य के चार नगर निगमों को 240 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी. सबसे ज्यादा राजधानी रायपुर में 100 बसें संचालित की जाएंगी. भिलाई और कोरबा को 50-50 और बिलासपुर को 40 बसें मिलेंगी. बसों के संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली गई हैं. 1 नवंबर 2026 तक बिलासपुर और भिलाई में 20-20 ई-बसें संचालित की जाएगी.
हर बस में होंगे 6 कैमरे
- यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है. हाईटेक फैसेलिटी से लैस होंगी सभी बसें.
- यात्री स्कैनर से क्यूआर कोड स्कैन कर टिकट ले सकेंगे और किराया का भुगतान कर सकेंगे. इसके साथ ही ऑनलाइन टिकट ली जा सकेगी.
- हर बस में 6 कैमरे लगाए जाएंगे ताकि निगरानी रखी जा सके.
- मोबाइल एप की मदद से यात्री बसों के रूट की जानकारी ले सकते हैं.
- इन बसों से प्रदूषण नहीं होगा. इसका उद्देश्य नागरिक परिवहन सेवा को पर्यावरण के अनुकूल और सुविधाजनक बनाना है.
ये भी पढ़ें: CM विष्णुदेव साय ने कर्मवीर सिंह से की मुलाकात, 11 अक्टूबर से संभालेंगे BJP प्रदेश महामंत्री का कार्यभार