Vistaar NEWS

दुर्ग में नशीली दवा खाने से 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, पुलिस मामले की जांच में जुटी, चरणदास महंत ने साधा निशाना

durg Eight children fell ill after consuming intoxicating drugs

दुर्ग: नशीली दवा खाने से 8 बच्चे बीमार

Durg News: शिक्षा मंत्री के गृह जिले दुर्ग में अब स्कूली बच्चे भी नशे की चपेट में आते नजर आ रहे हैं. ताजा मामला दुर्ग के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है, जहां कथित तौर पर नशीली दवा खाने से 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. इनमें से कुछ बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि कुछ इलाज के बाद घर लौट चुके हैं. एक बच्चे नैतिक रामटेके को आईसीयू में भर्ती कराया गया है.

क्या है पूरा मामला?

आपको बता दें कि स्कूल में पढ़ने वाले 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाले बच्चों को चॉकलेट बताकर प्रतिबंधित दवा खिला दी. इसके बाद एक-एक कर बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चों को चक्कर आने, बेहोश होने और शरीर में अकड़न जैसी शिकायतें होने लगीं. घटना के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया. दवा खाने वाले बच्चों में तनेश्वर यादव, हर्ष सिन्हा, भूपेंद्र साहू, विवेक कुम्भकार, नैतिक रामटेके, तुषार ढिमर, लकेश ढिमर और फनिश निषाद शामिल हैं.

परिजनों ने बताया कि बच्चों को अचानक चक्कर आने और बेहोशी की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल चार बच्चों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि चार बच्चों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है.

प्राचार्य का क्या कहना है?

स्कूल की प्राचार्य नलिनी वर्मा ने बताया कि प्रतिबंधित दवा का सेवन 10वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा कराया गया था. स्कूल के शिक्षकों को इसकी जानकारी नहीं थी. घटना की सूचना शासन-प्रशासन को दे दी गई है. मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें: Durg: बायो CNG प्लांट को लेकर बवाल! तनाव के बाद पुलिसबल तैनात, ग्रामीणों ने कहा- शहर का कचरा गांव लाया जाएगा

नेता प्रतिपक्ष ने साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि स्कूलों में नशे की सप्लाई बेहद गंभीर विषय है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और गृह विभाग को इस मामले में सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि बच्चों को नशे से बचाया जा सके.

Exit mobile version