Vistaar NEWS

Durg News: ऊंचाई से गिरने से मजदूर की मौत, परिजनों का धरना, अब मिला 20 लाख रुपये का मुआवजा

durg news

durg news

Durg News: दुर्ग ज़िले के जमुल के लाइट इंडस्ट्रियल एरिया में काम के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण एक श्रमिक की मौत हो गई. हादसे के बाद मुआवजे को लेकर कंपनी प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. मुआवजा नहीं मिलने से नाराज परिजन और वार्डवासी कंपनी के सामने धरने पर बैठ गए. पुलिस और सीएसपी की मौजूदगी में हुई बातचीत के बाद आखिरकार 20 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बनी और कंपनी प्रबंधन ने परिजनों को चेक सौंपा.

यह है पूरा मामला

पूरा मामला जामुल थाना क्षेत्र के लाइट इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एमएम भवानी जनरल इंटरप्राइजेस का है. कैंप-1, सड़क नंबर 18, छावनी निवासी श्रमिक के. नीलकंठ यहां काम करता था. बताया जा रहा है कि परसों काम के दौरान वह काफी ऊंचाई पर जाकर कार्य कर रहा था. इसी दौरान अचानक नीचे गिर गया. हादसे में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई. घटना के बाद जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी.

परिजनों ने मुआवजे की मांग की

हादसे के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से मुआवजे की मांग की थी। 20 लाख रुपए मुआवजा देने की बात कही गई थी, लेकिन समय पर राशि नहीं मिलने से परिजनों और वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ गई. इसके बाद सभी कंपनी के सामने धरने पर बैठ गए और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. सूचना मिलते ही जामुल पुलिस और सीएसपी प्रशांत सिंह मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने मामला शांत कराया

पुलिस ने कंपनी प्रबंधन और परिजनों से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास किया. बातचीत के बाद प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपए का चेक सौंपा. मुआवजा मिलने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त किया और सभी वापस घर लौट गए. वहीं सीएसपी प्रशांत सिंह सीएसपी ने बताया कि दो दिन पहले प्लांट में काम के दौरान ऊंचाई से गिरने से श्रमिक की मौत हुई थी. मुआवजे को लेकर कंपनी और परिवार के बीच आज सहमति बनी है.

ये भी पढ़ें: ‘लेडी सिंघम’ नेहा पच्चीसिया पर SIT का शिकंजा! क्‍या है वो मामला जिसके कारण जा सकती वर्दी?

Exit mobile version