Vistaar NEWS

Durg News: चोरों के हौसले बुलंद, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के पड़ोस में ही 20 लाख की चोरी

durg news

durg news

Durg News: दुर्ग जिले में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक और बड़ी तस्वीर सामने आई है. दुर्ग ज़िले के मीनाक्षी नगर में चोरों ने दिनदहाड़े एक सूने मकान को निशाना बनाया और लाखों रुपए के सोने के जेवरात समेत नकदी पार कर दी. हैरानी की बात ये है कि जिस इलाके में वारदात हुई, वहीं पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू का भी निवास है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने अब पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल दुर्ग जिले के बोरसी स्थित मीनाक्षी नगर निवासी आदित्य सोनी 15 अगस्त की शाम करीब 6 बजे परिवार के साथ पूजा में शामिल होने गए थे. इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान का मुख्य दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए. घर में रखे सोने के जेवरात और करीब 90 हजार रुपए नकद लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए.

पूजा से वापस लौटने पर परिवार ने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था. अंदर पहुंचने पर पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला। पीड़ित परिवार के मुताबिक करीब 15 से 20 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवरात और 90 हजार रुपए नकदी चोरी हुई है. आपको बता दे की अगस्त महीने में ही यह तीसरी बड़ी चोरी बताई जा रही है. ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची

मामले की सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.

ये भी पढ़ें-EPFO News: देश में 20 लाख से ज्यादा EPF खाते हुए बंद, कहीं आपका अकाउंट भी तो नहीं? ऐसे चेक करें PF स्टेटस

Exit mobile version