Durg News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन डाटा एंट्री जॉब के नाम पर 39.33 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को उत्तराखंड के हल्द्वानी से गिरफ्तार किया है. मामला थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर का है.पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर बैठे कमाई के झांसे में न आएं, पैसे भेजने से पहले सत्यापन करें.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, भिलाई के नेहरू नगर में रहने वाले 57 वर्षीय राजेश कुमार चौरसिया ने 2 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी. जहां, एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि आरोपियों ने इंडिया मार्ट के जरिए पीड़ित से संपर्क किया और ग्रीन रेस प्राइवेट लिमिटेड नोएडा में डाटा एंट्री का काम दिलाने की बात कही.
एग्रीमेंट के बाद काम शुरू कराया गया. इसके बाद ठगों ने डाटा करप्ट होने का बहाना बनाया और उसे रिकवर करने व सॉफ्टवेयर टूल्स खरीदने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाई. इस तरह पीड़ित के आईडीएफसी बैंक खाते से कुल 39.33 लाख रुपए ठग लिए गए.
ऐसे पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच कर आरोपियों की लोकेशन नैनीताल में खोजी. इसके बाद दुर्ग पुलिस की टीम ने हल्द्वानी पहुंचकर राम निवास और राहुल बिष्ट को गिरफ्तार किया और दो मोबाइल फोन जब्त किए. दोनों को कोर्ट में पेश किया गया.मामला धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में दर्ज किया गया है.पुलिस ने लोगों से अपील की है कि, ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें.
