Vistaar NEWS

दुर्ग में ई-चालान को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, RTO ऑफिस का किया घेराव, हेल्पलाइन डेस्क शुरू करने की रखी मांग

durg rto office congress protest e-challan Irregularity

दुर्ग: कांग्रेस ने आरटीओ ऑफिस का किया घेराव

Durg News: दुर्ग में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरटीओ कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. ई-चालान में कथित गड़बड़ियों, ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने में देरी, वाहन नामांतरण (ट्रांसफर) की लंबी प्रक्रिया और बढ़ी हुई फीस जैसे मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता आरटीओ कार्यालय पहुंचे. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता करीब आधे घंटे तक कार्यालय के सामने धरने पर बैठे रहे और आरटीओ अधिकारी का इंतजार करते हुए जमकर नारेबाजी की.

कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बकरीवाल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने परिवहन विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की. बकरीवाल ने कहा कि लंबे समय से आम लोगों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल आरटीओ अधिकारी से मिलने पहुंचा. उन्होंने आरोप लगाया कि कई वाहन चालकों के एक ही मामले में दो-दो बार चालान काटे जा रहे हैं. वहीं कुछ लोगों के ई-चालान तीन-तीन बार जारी होने की शिकायतें भी सामने आई हैं. उन्होंने इसे विभागीय खामी बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की.

उन्होंने ने यह भी आरोप लगाया कि पहले घोषित हेल्पलाइन डेस्क अब तक शुरू नहीं की गई है, जिससे लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ रहा है. साथ ही ऑनलाइन लाइसेंस, वाहन नामांतरण और अन्य सेवाओं के शुल्क बढ़ने पर भी नाराजगी जताई गई. कांग्रेस ने अपनी मांगों को लेकर आरटीओ अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिनों के भीतर समाधान की चेतावनी दी. बकरीवाल ने कहा कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.

ये भी पढ़ें: Rajnandgaon: 25 साल से सड़क का इंतजार, अब खुद चंदा जुटाकर राह बना रहे मोहला के ग्रामीण, सिस्टम ने नहीं दिया ध्यान

RTO अधिकारी का क्या कहना है?

वहीं, आरटीओ अधिकारी मृत्युंजय प्रसाद पटेल ने कहा कि ई-चालान से जुड़ी शिकायतों की जानकारी मुख्यालय को भेजी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि कार्यालय में जल्द ही हेल्प डेस्क शुरू की जाएगी ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके. उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी जरूरी दस्तावेज और हेलमेट के साथ ही वाहन चलाएं क्योंकि नियमों का उल्लंघन करने पर कैमरों के माध्यम से ई-चालान स्वतः जारी होगा.

Exit mobile version