Vistaar NEWS

दुर्ग में पत्नी ने पति की सिलबट्टे से की हत्या, मामूली विवाद बना वजह, महिला ने एक दिन पहले दर्ज कराई थी शिकायत

crime news

सांकेतिक तस्वीर

CG News: दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप-2 के दुर्गा पारा, वार्ड 35 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक पत्नी ने गुस्से में आकर अपने ही पति की हत्या कर दी. घटना बीती रात की बताई जा रही है. मृतक की पहचान 40 वर्षीय डोमन साहू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी हीरामणी साहू (करीब 35 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, घटना से एक दिन पहले, 19 अप्रैल को हीरामणी साहू ने जामुल थाना में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई. जमानत के बाद घर लौटने पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया. गुस्से में आकर पत्नी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था

वहीं, मृतक के भाई महेंद्र कुमार साहू ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. मोहल्ले के लोगों के अनुसार, डोमन साहू अक्सर शराब के नशे में घर आकर झगड़ा करता था और कई बार बच्चों के साथ भी मारपीट करता था. इस वजह से पत्नी पहले भी परेशान रहती थी और शिकायत कर चुकी थी. उन्होंने बताया कि घर में अक्सर झगड़ा होता था और इसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा था. कई बार मोहल्ले के लोग भी इस विवाद से परेशान हो चुके थे. उसने बताया कि डोमन शराब पीकर घर में विवाद करता था और कई बार मारपीट भी करता था, जिससे घर का माहौल हमेशा तनावपूर्ण रहता था.

ये भी पढ़ें: CSMCL ओवरटाइम भुगतान घोटाले में EOW की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच जारी

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपी महिला ने एक दिन पहले ही अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई. जमानत के बाद घर लौटने पर विवाद बढ़ा और घटना हो गई. फिलहाल महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

Exit mobile version