CG News: साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का इस्तेमाल कराने वालों के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन खाताधारकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के तीन बैंक खातों में कुल 58 लाख 49 हजार 783 रुपए की साइबर ठगी की रकम के संदिग्ध लेनदेन का पता लगाया है. यह लेनदेन विभिन्न राज्यों में दर्ज करीब 30 साइबर अपराध संबंधी शिकायतों से जुड़ा पाया गया है. आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार साइबर अपराधियों और उनके लिए म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वालों पर कार्रवाई के लिए जिले में मिशन साइबर सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों को चिन्हित किया गया.
कोतवाली क्षेत्र में 57 लाख से अधिक का लेनदेन
थाना कोतवाली क्षेत्र के बंधन बैंक के एक खाते में साइबर ठगी की रकम के 57 लाख रुपए से अधिक के संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिली थी. साइबर पोर्टल के माध्यम से इस खाते से संबंधित 50 हजार रुपए की रकम होल्ड कराई गई. मामले में पुलिस ने राकेश कुमार सिन्हा निवासी गौरी नगर और बालचंद भुआर्य निवासी नवागांव, मानपुर को गिरफ्तार किया है. दोनों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 556/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 317(5) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया.
डोंगरगढ़ में दो खातों से 1.49 लाख का लेनदेन
इसी तरह थाना डोंगरगढ़ क्षेत्र के एक्सिस बैंक और छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के दो खातों में 1 लाख 49 हजार 783 रुपए की साइबर ठगी की रकम के संदिग्ध लेनदेन का पता चला. साइबर पोर्टल के माध्यम से एक लाख रुपए होल्ड कराए गए. मामले में शिवपुरी निवासी गौकरण को गिरफ्तार किया गया. उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 555/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई.
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने खातों के इस्तेमाल और लेनदेन से संबंधित अपराध स्वीकार किया. जांच में अपराध घटित होना पाए जाने पर तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.
खाता किराए पर देना भी अपराध
राजनांदगांव पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पंजीकृत मोबाइल नंबर की सिम किसी अन्य व्यक्ति को न दें. पुलिस ने चेतावनी दी है कि साइबर ठगी या अवैध गतिविधियों से प्राप्त रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम या चेकबुक को बेचने, किराए पर देने अथवा कमीशन पर उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. खाते में किसी तरह का संदिग्ध लेनदेन दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Jain समाज के प्रतिष्ठित पिता-पुत्र और एक आरोपी गिरफ्तार… उधारी रकम के लिए शटर बंद कर बैट से पीटा…
