Raipur Abhanpur Nayab Tehsildar: छत्तीसगढ़ में कानून का राज कायम करने वाले ही जब कानून तोड़ने लगें तो सवाल उठना लाजमी है. ताजा मामला अभनपुर तहसील का है, जहां के नायब तहसीलदार विपिन पटेल का एक रील सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. अफसर साहब ने सड़क को ही अपना प्राइवेट फार्म हाउस बना लिया और बीच सड़क गाड़ी लगाकर जन्मदिन का जश्न मनाने लगे.
सड़क को बनाया पार्टी हॉल
वीडियो में साफ दिख रहा है कि साहब ने अपनी कार को सड़क के बीचो-बीच खड़ा किया है. बोनट को टेबल बनाया, उस पर केक सजाया और बैकग्राउंड में बज रहा है ‘ओ ओ जाने जाना’ गाना. इतना ही नहीं, जश्न को यादगार बनाने के लिए सड़क पर खुलेआम आतिशबाजी भी की गई. पीछे से आ रही गाड़ियां रुकने को मजबूर हुईं, लेकिन अफसर की पार्टी नहीं रुकी.
Chhattisgarh Local News: OLA इलेक्ट्रिक के वाहनों का पंजीयन लंबित, परिवहन विभाग ने जारी किया नोटिस
हाई कोर्ट ने लगा रखा है रोक
सबसे हैरानी की बात ये है कि छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट खुद सड़क पर केक काटने, पटाखे फोड़ने और रील बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दे चुका है. पुलिस को खुली छूट दी गई है कि ऐसे लोगों पर एफआईआर की जाए. लेकिन यहां तो कानून का पाठ पढ़ाने वाला अधिकारी ही हाईकोर्ट के आदेश को ठेंगा दिखा रहा है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही यूजर्स भड़क गए हैं.
