बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए अपनी पहली बाइक रेंटल सेवा की शुरुआत कर दी है. अब ट्रेन से उतरते ही यात्रियों को ऑटो या टैक्सी के लंबे इंतजार और भारी-भरकम किराये से आजादी मिलेगी.
स्टेशन परिसर में कोच रेस्टोरेंट के पास शुरू हुई यह सुविधा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी. यात्री महज 100 में 4 घंटे के लिए बाइक किराए पर लेकर शहर के किसी भी कोने में आसानी से आ-जा सकते हैं. पर्यटकों, छात्रों और बिजनेस ट्रैवलर्स के लिए यह पहल समय और पैसे दोनों की बचत करने वाली साबित होगी. वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत कर इस त्वरित परिवहन सेवा का लाभ उठाया जा सकता है.
इस सुविधा का शुभारंभ प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने फीता काटकर किया. इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
रेलवे के अनुसार यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली बाइक रेंटल सेवा है. इसका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन से शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक, किफायती और त्वरित परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना है.
टैक्सी-ऑटो के इंतजार से मिलेगी राहत
बाइक रेंटल सेवा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी, जिन्हें शहर में कम दूरी का सफर करना है. यात्री टैक्सी या ऑटो का इंतजार किए बिना अपनी सुविधा के अनुसार बाइक लेकर गंतव्य तक पहुंच सकेंगे. इससे समय के साथ स्थानीय आवागमन पर होने वाले खर्च में भी बचत होगी.
यह सुविधा पर्यटकों, छात्रों, व्यावसायिक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए भी उपयोगी होगी. यात्री स्टेशन से शहर के प्रमुख स्थानों तक आसानी से पहुंचने के साथ अपनी सुविधा के अनुसार शहर का भ्रमण भी कर सकेंगे.
24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी सेवा
बाइक रेंटल सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी. इसका लाभ लेने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा.
चार घंटे के लिए 100 रुपए किराया
रेलवे ने बाइक किराये की दरें भी निर्धारित कर दी हैं. इसके तहत चार घंटे तक बाइक लेने पर 100 रुपए, 4 से 8 घंटे के लिए 200 रुपए, 8 से 16 घंटे के लिए 300 रुपए और 16 से 24 घंटे के लिए 400 रुपए किराया देना होगा.
बिलासपुर स्टेशन पर बाइक रेंटल सेवा शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन से अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए एक स्वतंत्र, सुविधाजनक और किफायती परिवहन विकल्प मिल गया है. रेलवे की यह पहल यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ स्टेशनों पर आधुनिक और यात्री-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से ‘बस्तर तिरंगा यात्रा’ के दूसरे चरण का आगाज; उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री केदार कश्यप ने की पूजा-अर्चना
