इनपुटः अभिषेक मिश्रा
धमतरी. 15 अगस्त को ध्वजारोहण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब न्यायालय तक पहुंच गया है. कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मंगलवार को धमतरी सत्र न्यायालय पहुंचे. उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. विधायक ने कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर के खिलाफ आपराधिक मानहानि का परिवाद प्रस्तुत किया है.
अजय चंद्राकर ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य शासन की ओर से उन्हें अतिथि के रूप में ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित किया गया था. उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराया था. विधायक का आरोप है कि भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के दौरान हुए ध्वजारोहण के एक पुराने वीडियो को कथित तौर पर एआई के माध्यम से अलग संदर्भ में प्रस्तुत कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया.
उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर ने उक्त वीडियो को अपने सोशल मीडिया मंचों पर साझा करते हुए यह दावा किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज की जगह भाजपा का झंडा फहराया गया. अजय चंद्राकर के अनुसार, इस तरह की पोस्ट से उनकी व्यक्तिगत और राजनीतिक छवि प्रभावित हुई तथा भाजपा के खिलाफ भी भ्रामक प्रचार किया गया. उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े साक्ष्यों के साथ न्यायालय की शरण ली गई है और अब आगे की कार्रवाई न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार होगी.
13 मार्च के वीडियो को 15 अगस्त से जोड़ने का आरोप
विधायक के अधिवक्ता विशाल शुक्ला ने बताया कि सुप्रिया श्रीनेत और नेहा राठौर के खिलाफ आपराधिक मानहानि का परिवाद प्रस्तुत किया गया है. अधिवक्ता के मुताबिक, भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान 13 मार्च को हुए ध्वजारोहण के वीडियो को कथित रूप से एआई के माध्यम से अलग संदर्भ में प्रस्तुत किया गया और उसे 15 अगस्त के ध्वजारोहण से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया.
अधिवक्ता ने बताया कि परिवाद में आर्थिक क्षतिपूर्ति की मांग नहीं की गई है. इसमें आपराधिक मानहानि के तहत कार्रवाई और सजा की मांग करते हुए न्यायालय में परिवाद पेश किया गया है. अब न्यायालय उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों और लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय करेगा.
छत्तीसगढ़ | धमतरी में 15 अगस्त के ध्वजारोहण से जुड़े वीडियो विवाद ने अब न्यायालय का रुख कर लिया है। कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर के खिलाफ आपराधिक मानहानि का परिवाद पेश किया है। चंद्राकर का आरोप है कि भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम के पुराने… pic.twitter.com/SOVk42XLEJ
— Vistaar News (@VistaarNews) September 22, 2026
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Fact Check:तो क्या स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने फहराया भाजपा का झंडा ? Video Viral
