CM साय से मुलाकात के बाद स्थगित हुई पटवारियों की हड़ताल, 40 दिन से चल रहा था आंदोलन
सीएम विष्णुदेव साय के पटवारियों के डेलिगेशन से मुलाकात
CG News: छत्तीसगढ़ में 40 दिनों से लगातार चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई है. पटवारियों के डेलीगेशन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद आंदोलन को रोकने का फैसला किया है. इस संबंध में पटवारी संघ के प्रांताध्यक्ष ने हड़ताल स्थगित करने की सूचना दी है और इसके लिए पत्र भी जारी किया है. प्रदेश में पटवारी 13 अक्टूबर से अपनी प्रमुख मांगों के साथ आंदोलन कर रहे थे.
सीएम ने बनाई कमेटी
प्रांताध्यक्ष भागवत कश्यप ने हड़ताल स्थगित होने को लेकर कहा कि ‘हमने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की है और अपनी सभी मांगों को उनके सामने रखा है. सीएम ने कमेटी बनाकर उन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि तुफान के कारण किसानों को भी नुकसान हुआ है और ऐसी परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल आंदोलन को स्थागित कर रहे हैं.’

सीएम विष्णुदेव साय के सामने रखी मांग
- हड़ताल अवधि में प्रदेश भर में पटवारियों के विरुद्ध किये गये निलंबन ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस जैसे दमनात्मक कार्यवाहियों को शून्य करते हुए पूर्ववत स्थिति करने अनुरोध है.
- अनिश्चितकालीन आंदोलन की संपूर्ण अवधि को कार्य दिवस मान्य वेतन करते हुए उक्त अवधि का नियमित वेतन प्रदाय किया जाए.
- वेतन विसंगति एवं पदोन्नति के संबंध में तत्काल निर्णय लेते हुए सुसंगत आदेश जारी किया जाए.
- कर्मचारियों के समस्याओं के निराकरण के लिये ऑनलान मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू किया जाए.
40 दिन बाद काम पर लौटेंगे पटवारी
हड़ताल के स्थगित होने के बाद पटवारी अपने-अपने काम पर लौटेंगे और लंबित राजस्व प्रकरणों के निपटारे में तेजी लाने के साथ आम लोगों काे राहत प्रदान करेंगे. करीब 40 दिनों से चल रही पटवारियों की हड़ताल से राजस्व विभाग का काम प्रभावित हो रहा था. जमीन से जुड़े दस्तावेज, नामांतरण, सीमांकन और बाकी की अन्य राजस्व सेवाओं के काम लंबे समय से अटक गए थे. इससे आम लोगों को भी बड़ी परेशानी को सामना करना पड़ रहा था.



