CG Monsoon Session Live: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसर दिन है. दूसरे दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी. सदन में विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगे जाएंगे. उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे.
सदन में नक्सलवाद खात्मे पर आभार जताएंगे सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और उपलब्धियों को लेकर सदन में केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करेंगे. विपक्ष की ओर से सदन में अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति भी मांगी जाएगी. वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे.
CG Monsoon Session: खाद-बीज के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, नारेबाजी के बीच विपक्षी विधायक स्वतः निलंबित
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन खाद और बीज की कमी का मुद्दा सदन में जोरदार तरीके से गूंजा। विपक्ष ने इस विषय पर स्थगन प्रस्ताव लाकर सरकार को घेरने की कोशिश की. शून्यकाल के दौरान विपक्ष ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की. विपक्षी सदस्यों ने कहा कि सरकार किसान विरोधी है और किसानों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने प्रदेश में खाद और बीज की उपलब्धता को लेकर सरकार से जवाब मांगा.
मामले पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सरकार का पक्ष रखा, लेकिन उनके जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्य लगातार विरोध करते रहे। इसके बाद विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के गर्भगृह (वेल) में पहुंच गए.
विधानसभा की नियमावली के तहत गर्भगृह में प्रवेश करते ही विपक्षी सदस्य स्वतः निलंबित हो गए. इसके बाद सदन में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही.
CG Monsoon Session Live: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रदेश में खाद और बीज की कमी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा. विपक्ष ने किसानों की समस्याओं को लेकर सदन में स्थगन प्रस्ताव प्रस्तुत किया और इस विषय पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं और समय पर खाद नहीं मिलने से खेती प्रभावित हो रही है.
CG Monsoon Session Live: मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने किया वॉक आउट
CG Monsoon Session Live: सदन में गूंजा उद्योगों में हुई दुर्घटनाओं और सेफ्टी ऑडिट का मुद्दा
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान प्रदेश के उद्योगों में हुई दुर्घटनाओं और सेफ्टी ऑडिट का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार से पूछा कि प्रदेश में कितने उद्योगों में सेफ्टी ऑडिट नहीं होने के कारण जांच की गई और वर्तमान नियमों के तहत सेफ्टी ऑडिट कब कराया जाना अनिवार्य है.
डॉ. महंत ने कहा कि प्रदेश में 242 औद्योगिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. उन्होंने सरकार से इन घटनाओं की जवाबदेही और सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल उठाए.
जवाब में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि अति खतरनाक श्रेणी के उद्योगों में सेफ्टी ऑडिट कराया गया है. उन्होंने बताया कि अब तक 36 कारखानों में सेफ्टी ऑडिट किया जा चुका है. मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए डॉ. महंत ने कहा, “मंत्री जी, आप सत्य कथन नहीं कह रहे हैं” उन्होंने वेदांता संयंत्र में हुई दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी.
इस पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि वेदांता हादसे की कार्रवाई अभी विवेचनाधीन है और मामला श्रम न्यायालय में विचाराधीन है. उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में कंपनी के निदेशक अनिल अग्रवाल का नाम भी शामिल है.
डॉ. महंत ने फिर सवाल किया कि “मंत्री जी, आप नाम छिपाना क्यों चाहते हैं? अनिल अग्रवाल की गिरफ्तारी के लिए क्या कार्रवाई की गई?” जवाब में मंत्री देवांगन ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
CG Monsoon Session Live: सदन में जल जीवन मिशन और अमृत योजना घिरे मंत्री अरुण साव
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायकों ने मंत्री अरुण साव से योजनाओं के क्रियान्वयन पर तीखे सवाल पूछे.
भाजपा विधायक भैया लाल राजवाड़े ने आरोप लगाया कि उनके बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन पूरी तरह विफल साबित हो रहा है और लोगों को योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है.
वहीं, विधायक अजय चंद्राकर, सुनील सोनी और राजेश मूणत ने रायपुर शहर में पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राजधानी के लोगों को आज भी पर्याप्त मीठा पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हर साल रायपुर भीषण जल संकट का सामना करता है और कई इलाकों में पानी की टंकियां होने के बावजूद लोगों को टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करनी पड़ती है.
सदन में उठे सवालों के जवाब में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि जल जीवन मिशन और अमृत योजना के तहत लगातार काम किया जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि योजनाओं के लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है.
CG Monsoon Session Live: विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन, सदन की कार्रवाही शुरु
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई. इस दौरान भाजपा विधायक भैया लाल राजवाड़े ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने और पानी की टंकियों के निर्माण का मुद्दा सदन में उठाया.
सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने बताया कि कोरिया जिले में जल जीवन मिशन के तहत कुल 928 पानी की टंकियों का निर्माण स्वीकृत किया गया है. उन्होंने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि इनमें से 751 पानी की टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 177 टंकियों का निर्माण कार्य अभी अधूरा है और शेष कार्य को जल्द पूरा करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.
