रायपुर. आगामी त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एलटीटी और सांतरागाछी के बीच पूजा स्पेशल साप्ताहिक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. यह ट्रेन दोनों दिशाओं में चार-चार फेरे लगाएगी. ट्रेन के चलने से महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01107 एलटीटी-सांतरागाछी पूजा स्पेशल 6 से 27 अक्टूबर तक प्रत्येक मंगलवार को एलटीटी से रात 8.20 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन अगले दिन दोपहर 12.04 बजे गोंदिया, 2.15 बजे दुर्ग, 2.55 बजे रायपुर, शाम 4.45 बजे बिलासपुर और 6.33 बजे रायगढ़ पहुंचेगी. इसके बाद तीसरे दिन सुबह 5 बजे सांतरागाछी पहुंचेगी.
इसी तरह गाड़ी संख्या 01108 सांतरागाछी-एलटीटी पूजा स्पेशल 8 से 29 अक्टूबर तक प्रत्येक गुरुवार को सुबह 11 बजे सांतरागाछी से रवाना होगी. यह ट्रेन रात 8.08 बजे रायगढ़, 10.25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी. अगले दिन रात 12.05 बजे रायपुर, 1.10 बजे दुर्ग और 3.08 बजे गोंदिया पहुंचेगी. इसके बाद रात 9.30 बजे एलटीटी पहुंचेगी.
22 एलएचबी कोच की सुविधा
पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच होंगे. इनमें 15 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 3 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 1 वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, 1 पेंट्रीकार और 2 पावरकार शामिल हैं.
इन स्टेशनों पर भी ठहराव
ट्रेन दोनों दिशाओं में ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, मलकापुर, अकोला, बडनेरा, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर स्टेशनों पर रुकेगी. रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले संचालन दिवस, समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी अधिकृत रेलवे वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवन ऐप से जांचने की अपील की है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG News: मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे 2 करोड़ का गांजा, तस्कर गिरफ्तार
