CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव बना हुआ है. प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और आज उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ समेत कई जिलों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना अवदाब बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहा है. यह सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार की ओर जाने की संभावना है.
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. इसके साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है.
मौसम विभाग की अलग चेतावनी के अनुसार बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली और रायगढ़ में एक-दो स्थानों पर बहुत भारी से सीमांत भारी बारिश की संभावना है. सीमांत भारी बारिश का मतलब 24 घंटे में 204.5 मिलीमीटर या उससे ज्यादा बारिश है.
बीते 24 घंटे में कई जिलों में बारिश
पिछले 24 घंटे में उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 9 फीसदी कम रही.
बारिश के आंकड़ों में अंबिकापुर में 64.8 मिमी और लालपुर (रायपुर) में 58 मिमी बारिश दर्ज की गई. माना एयरपोर्ट पर 28.9 मिमी बारिश हुई. प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पेंड्रारोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा.
ये भी पढ़ें- Ambikapur News: लहपटरा टोल प्लाजा को टैक्स फ्री करने की मांग, कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
