Anupurti Green ATM: छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों के लिए जरूरी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार ने राशन लेने की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नई पहल की शुरुआत की है. अब छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों को मुफ्त मिलने वाला राशन आसानी से मिल सकेगा. राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, सुलभ और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से तीन बड़े शहरों में ‘अनुपूर्ति ग्रीन ATM’ लगाए हैं.
सरकार का कहना है कि इस नई पहल से राशन कार्ड धारकों को बार-बार उचित मूल्य की दुकान के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और राशन लेने के लिए लंबी लाइनों से भी छुटकारा मिलेगा. बता दें कि इस आधुनिक व्यवस्था की शुरुआत राज्य के खाद्य मत्री दयालदास बघेल द्वारा की जा चुकी है. ऐसे में आइए जानते हैं कि ‘अनुपूर्ति ग्रीन ATM’ कैसे काम करता है और इसके क्या फायदे हैं.
इन शहरों में शुरू हुई सुविधा
‘अनुपूर्ति ग्रीन ATM’ की शुरुआत रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर शहरों में की गई है. यह नई व्यवस्था बैंक ATM की तरह ही काम करेगी. ग्रीन ATM चौबीस घंटे यानी 24×7 उपलब्ध रहेगा, जिससे राशन कार्ड धारक अपनी सुविधा और जरूरत के अनुसार किसी भी समय इस आधुनिक मशीन से अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे.
ऐसे मिलेगा राशन
राशन लेने के लिए धारक को मशीन में अपना राशन कार्ड या आधार कार्ड नंबर दर्ज करना होगा. इसके बाद बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन के जरिए उसकी पहचान की पुष्टि की जाएगी. पहचान सत्यापित होने के बाद मशीन से पात्रता के अनुसार महीने का राशन निकाला जा सकेगा. इस व्यवस्था से राशन कार्ड धारकों को राशन लेने में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.
राशन वितरण में आएगी पारदर्शिता
‘अनुपूर्ति ग्रीन ATM’ की शुरुआत से राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है. इस आधुनिक व्यवस्था से कम तौल, मानवीय गलतियों और राशन की कालाबाजारी जैसी समस्याओं पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा, राशन कार्ड धारकों को बार-बार उचित मूल्य की दुकान के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और दुनदारों का समय भी बचेगा. ऐसे में यह नई पहल छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों के लिए सुविधाजनक साबित हो सकती है.
