Chhattisgarh Sthapana Diwas: इस साल छ्त्तीसगढ़ 26वां स्थापना दिवस मनाएगा. नवा रायपुर के तूता मैदान में 1 से लेकर 3 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके उद्घाटन सत्र में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल होंगे. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समापन समारोह में मौजूद रहेंगे. 25वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आए थे.
कौन-कौन देंगे प्रस्तुति?
इस बार छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है. 1 नवंबर को सिंगर पलक मुच्छाल प्रस्तुति देंगी. 2 नवंबर को स्वस्ति मेहुल और 3 नवंबर को अभिजीत भट्टाचार्य परफॉर्म करेंगे. इसके साथ ही राज्य के स्थानीय और लोक कलाकार राज्य की संस्कृति की झलक पेश करेंगे.
सूर्यकिरण टीम दिखाएगी करतब
राज्योत्सव कार्यक्रम में नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में सारंग हेलीकॉप्टर और सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के एयर शो आयोजित होंगे. इसका आयोजन 2 नवंबर को होगा. सूर्यकिरण के 9 विमान 40 मिनट तक अलग फॉर्मेशन में करतब दिखाएंगे. कलेक्टर गौरव सिंह ने शनिवार को तैयारियों का जायजा लिया.
40 राज्य स्तरीय अलंकरण पुरस्कार
छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा. राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अद्वितीय कार्य करने वाली हस्तियों को राज्य स्तरीय अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. कुल 40 लोगों को सम्मान दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: CG News: अंबिकापुर में साहब की स्वामिभक्ति के चर्चे! रातभर बड़े अधिकारी की आवभगत में रहे जुटे
प्रदर्शनी में लगाई जाएगी
स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रदर्शनियां लगाई जाएगी. प्रदर्शनियों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषय शामिल किए जाएंगे. इनके जरिए निवेश, रोजगार, अधोसंरचना और जनकल्याण से जुड़े कामों को लोगों के सामने रखा जाएगा
हर साल 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस मनाया जाता है. राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाता है. इसके साथ ही सभी जिलों में कार्यक्रम होते हैं. छत्तीसगढ़ 1 नवंबर 2000 को मध्य प्रदेश से अलग होकर अस्तित्व में आया था.
