Vistaar NEWS

CM विष्णुदेव साय का दिल्ली दौरा, महानदी जल विवाद पर होगी चर्चा, ओडिशा सीएम भी रहेंगे मौजूद

CM Vishnu Deo Sai

सीएम विष्णु देव साय

CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सीएम भाग लेंगे. इस मीटिंग में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच जल विवाद पर चर्चा होगी. इसमें ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी भी मौजूद रहेंगे.

CM विष्णुदेव साय ने क्या कहा?

जल विवाद पर मीडिया से बात करते हुए सीएम ने कहा कि दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच जल विवाद को लेकर चर्चा होगी. दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकार है. दोनों प्रदेशों ने CWC को लिखकर दिया है कि जो भी निर्णय जनहित में होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा.

महानदी जल विवाद क्या है?

महानदी को छत्तीसगढ़ और ओडिशा की जीवनरेखा माना जाता है. ओडिशा का आरोप है कि छत्तीसगढ़ ने महानदी के ऊपरी हिस्से में औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने के लिए बैराजों का निर्माण किया है. इससे नदी के प्रवाह पर गंभीर असर पड़ रहा है और कम बारिश एवं सूखे के समय राज्य को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता है. इसके साथ ही ओडिशा सरकार ने जल संसाधन मंत्रालय से छत्तीसगढ़ के 6 बैराजों के निर्माण को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई थी. इस शिकायत के बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा. साल 2018 में जल विवाद के निपटारे के लिए महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण का गठन किया गया.

ये भी पढ़ें: बस्तर ओलंपिक के लिए आज से रजिस्ट्रेशन शुरू, 11 खेल प्रतियोगिताएं होंगी, ये है पूरा शेड्यूल

महानदी का सांस्कृतिक, धार्मिक, व्यावसायिक और आर्थिक महत्व है. छत्तीसगढ़ में इस नदी का उद्गम धमतरी जिले के सिंहावा पर्वत से होता है. नदी पूर्व की ओर बहती हुए ओडिशा से गुजरती है और बंगाल की खाड़ी में मिल जाती है. ओडिशा में इस नदी के जल का इस्तेमाल सिंचाई, विद्युत उत्पादन और उद्योगों में होता है. महानदी पर भारत के सबसे बड़े बांधों में से एक हीराकुड स्थित है.

Exit mobile version