धमतरी. शहर की अमलतास कॉलोनी में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम के पहुंचने से हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार करीब 8 सदस्यीय टीम दो वाहनों में सवार होकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी चेतन बोरझरिया के आवास पहुंची है.
ईडी की टीम कई घंटों से घर के अंदर जांच-पड़ताल कर रही है. अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद धमतरी से लेकर राजधानी रायपुर तक राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं.
बताया जा रहा है कि चेतन बोरझरिया का नाम छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी-पीएससी) भर्ती घोटाले से जुड़े आरोपों में सामने आया था. हालांकि, ईडी की टीम वर्तमान में किस मामले और किन दस्तावेजों को लेकर जांच कर रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. ईडी की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है.
अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ जारी
इधर बलरामपुर में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पहुंची है.जानकारी के मुताबिक ईडी की टीम दो वाहनों से बलरामपुर पहुंची और सीधे सर्किट हाउस गई.बताया जा रहा है कि ईडी अधिकारियों ने अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को सर्किट हाउस बुलाकर उनसे पूछताछ शुरू की है. चेतन बोरघारिया पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी रह चुके हैं.
ईडी की टीम की मौजूदगी को देखते हुए सर्किट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पूछताछ किस मामले को लेकर की जा रही है, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Railway News: बीना स्टेशन पर बिछेगी तीसरी लाइन, ये ट्रेनें हुईं कैंसल, रेलवे ने दिया अपडेट
