Vistaar NEWS

Fact Check:तो क्या स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा के पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने फहराया भाजपा का झंडा ? Video Viral

Fact Check: रायपुर. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में अजय चंद्राकर एक ध्वज फहराते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो को इस दावे के साथ साझा किया गया कि उन्होंने 15 अगस्त को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए अजय चंद्राकर की आलोचना शुरू कर दी.

हालांकि, पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि पुराना वीडियो है. इसलिए इसे स्वतंत्रता दिवस के मौजूदा कार्यक्रम से जोड़कर किया जा रहा दावा भ्रामक है.

15 अगस्त की सुबह वायरल हुआ वीडियो

सोशल मीडिया मंच एक्स पर @musafir_vj नाम के यूजर ने यह वीडियो 15 अगस्त की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच पोस्ट किया. पोस्ट का समय देखकर कई यूजर्स को लगा कि वीडियो स्वतंत्रता दिवस के दिन का ही है. वीडियो में अजय चंद्राकर नीले रंग की कोटी पहने हुए दिखाई देते हैं और उनके सामने भाजपा का झंडा नजर आता है. वीडियो को संदर्भ से अलग करके साझा किए जाने के कारण यह धारणा बनी कि अजय चंद्राकर ने स्वतंत्रता दिवस के दिन राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भाजपा का झंडा फहराया.

सोशल मीडिया पोस्ट से सामने आई असली तस्वीर

विस्तार न्यूज ने वायरल वीडियो की पूरी पड़ताल की. टीम ने अजय चंद्राकर के सोशल मीडिया अकाउंट पर किए गए पोस्ट की भी पड़ताल की उनके आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट में 15 अगस्त 2026 को धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तस्वीरें और जानकारी साझा की गई हैं.

इस पोस्ट में अजय चंद्राकर स्पष्ट रूप से तिरंगा फहराते हुए नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि वायरल वीडियो और 15 अगस्त के कार्यक्रम की तस्वीरों में उनके पहनावे में भी अंतर है. वायरल वीडियो में वे नीले रंग की कोटी में दिखाई दे रहे हैं, जबकि 15 अगस्त के धमतरी कार्यक्रम की तस्वीरों में वे मैरून रंग की कोटी पहने हुए हैं. इससे भी स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो आज के कार्यक्रम का नहीं है.

धमतरी में अजय चंद्राकर ने फहराया तिरंगा

अजय चंद्राकर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण की जानकारी दी. उन्होंने तिरंगे को देश की आन, बान और शान बताते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का उल्लेख किया.

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जवानों की मार्च पास्ट की सलामी ली. समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया.

क्या है वायरल वीडियो का सच?

पड़ताल के आधार पर यह दावा गलत है कि 15 अगस्त 2026 को अजय चंद्राकर ने तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया. वायरल वीडियो पुराना है और इसे स्वतंत्रता दिवस 2026 के कार्यक्रम का बताकर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Big Breaking: रायपुर से रेलवे अफसर को CBI ने किया गिरफ्तार… तलाशी में मिले 77 लाख रुपए, और इतना Gold…

Exit mobile version