Vistaar NEWS

CG News: धमतरी में मछली कारोबारी की हत्या, साथ काम करने वाला ही निकला हत्यारा, पुलिस ने किया खुलासा

Dhamtari

तीन आरोपी गिरफ्तार

अभिषेक मिश्रा (धमतरी)

CG News: धमतरी पुलिस ने मछली व्यापारी विप्लव मंडल हत्याकांड का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई है.

साथ काम करने वाले ने की मछली कारोबारी की हत्या

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मृतक के फिश फार्म में मजदूरी करते थे. मजदूरी बढ़ाने को लेकर विवाद और कथित अपमान से नाराज होकर उन्होंने हत्या की साजिश रची. 27 जून को गोरेगांव-भैंसामुड़ा मार्ग पर घात लगाकर लकड़ी के डंडों और चाकू से हमला कर विप्लव मंडल की हत्या कर दी. इसके बाद नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए.

तीन आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) को गिरफ्तार किया है. वहीं दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है. आरोपियों की निशानदेही पर 37,800 रुपये नकद, 6 मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल 3 लकड़ी के डंडे, 2 लोहे के चाकू और 2 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है.

चाकू से मारकर की थी हत्या

बता दें कि 27 जून की रात बिप्लब मंडल प्रतिदिन नगरी क्षेत्र में मछली बेचने के बाद अपने घर गरियाबंद जिले की ओर लौटता था. शनिवार रात भी वह दुकान बंद कर दोपहिया वाहन से अपने घर जा रहा था. उसके साथ गांव का युवक टूम्मन यादव भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि रात करीब 7 से 8 बजे के बीच नगरी-गरियाबंद मार्ग पर गोरगांव गांव से आगे जंगल के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद आरोपियों ने बिप्लब मंडल पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमलावरों ने उनके शरीर पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. 

Exit mobile version