Vistaar NEWS

CG Weather: भारी उमस के बाद छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम, आज से तेज बारिश के आसार, जानें मौसम का अपडेट

Weather Update Today

कैसा रहेगा आज का मौसम

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई थी. अब मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है. अगले दो दिनों तक कई इलाकों में तेज बारिश तो, वहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

रायपुर में शाम को हुई तेज बारिश

दिनभर तेज गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार शाम राजधानी रायपुर में अचानक तेज बारिश हुई. करीब आधे घंटे तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली. सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में बादल छाए थे, लेकिन बारिश नहीं हुई. शाम को नमी बढ़ने के बाद घने बादल बने और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई.

तापमान में लगातार हो रही थी बढ़ोतरी

बारिश की गतिविधियां कमजोर होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई. शुक्रवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा. रायपुर में पारा 33.1 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था. अंबिकापुर और जगदलपुर में तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री ज्यादा रहा.

अंडमान सागर में बन रहा सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर अंडमान सागर के ऊपर 19 सितंबर की शाम तक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से समुद्र से प्रदेश में नमी आने लगेगी और मानसून की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.

कुछ इलाकों में भारी बारिश के आसार

अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की स्थिति बन सकती है. वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. शुक्रवार को भी कुछ इलाकों में बारिश दर्ज हुई. पथरिया में सबसे ज्यादा 40 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि सूरजपुर और बम्हनीडीह में 30-30 मिलीमीटर पानी गिरा. उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहार और करतला में 20-20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ में 5 दिन के ब्रेक के बाद मानसून रिटर्न, आज से बदलेगा मौसम का मिजाज, जानें IMD अपडेट

Exit mobile version