Vistaar NEWS

CG Weather: छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश का दौर जारी, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित, IMD ने जारी किया अलर्ट

Weather Update

मौसम

CG Weather News: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और बीते 24 से 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हुई, जबकि मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है, साथ ही उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन की गतिविधि होने की संभावना भी है.

नदियां-नाले उफान पर

सरगुजा जिले का लोसंगा नाला उफान पर बह रहा है. सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के गोमर्डा अभ्यारण्य क्षेत्र में स्थित माड़ोसिल्ली झरना बारिश के बाद पूरे वेग से बह रहा है. जशपुर जिले की पहाड़ियां और जंगल घने कोहरे से ढके नजर आए, जिससे क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य और भी निखर गया.

किसानों की बढ़ी चिंता

बेमेतरा जिले में कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है. लगातार बारिश से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है. शुरुआती दौर में बारिश ने खेती के लिए उम्मीद जगाई थी, लेकिन अब कई खेतों में जरूरत से ज्यादा पानी भर जाने से बुवाई का काम बाधित हो गया है.

जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी पड़ा असर

बारिश का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा है. जिला अस्पताल के डायलिसिस सेंटर की छत से पानी टपकने लगा, जिसके चलते कर्मचारियों को पानी रोकने के लिए वार्ड में बाल्टियां और टब रखने पड़े. इसके बावजूद मरीजों का इलाज जारी रखा गया.

मौसम विभाग ने दी अगले दिनों की जानकारी

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के आसपास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश में लगातार वर्षा हो रही है. यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है, जिससे कुछ इलाकों में अभी और तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. हालांकि, विभाग का अनुमान है कि अगले दिन से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है.

ये भी पढे़ं- CG Weather Today: भारी बारिश के बीच छत्तीसगढ़ में नया सिस्टम एक्टिव, बरसात होगी या मिलेगी राहत, जानें मौसम का अपडेट

Exit mobile version