BJYM अध्यक्ष हेमांग जोशी का छत्तीसगढ़ दौरा, CM साय संग करेंगे बैठक
हेमांग जोशी
Dr Hemang Joshi Raipur Visit: छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा के लिए आज का दिन बड़ा होने वाला है. दरअसल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. वे बीती रात रायपुर पहुंचे. वहीं आज, वे दिनभर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. उनके दौरे को लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
ये है पूरे दिन का शेड्यूल
मिली जानकारी के अनुसार, सबसे पहले डॉ. हेमांग जोशी BJYM की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे. यह बैठक का दूसरा दिन है. बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी मौजूद रहेंगे.अलग-अलग सत्रों में कई अहम विषयों पर चर्चा हो रही है.
युवा नेताओं को मार्गदर्शन देंगे हेमांग जोशी
वहीं, आज राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी युवा नेताओं को मार्गदर्शन देंगे. वे संगठन को और मजबूत करने के टिप्स देंगे. कार्यसमिति बैठक के बाद डॉ. हेमांग जोशी साइंस कॉलेज पहुंचेंगे. यहां वे खिलाड़ियों से संवाद करेंगे. खेल और युवाओं के भविष्य को लेकर वे खिलाड़ियों से सीधी बातचीत करेंगे. इसके बाद वे अग्रसेन भवन में युवतियों से संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे. यहां वे युवतियों की समस्याओं, करियर और आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
बताते चलें, दौरे का सबसे अहम कार्यक्रम रावतपुरा विश्वविद्यालय में होगा. यहां युवा जोहार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवा शामिल होंगे. डॉ. हेमांग जोशी इन युवाओं से नक्सल मुक्त बस्तर को लेकर विशेष चर्चा करेंगे. वे युवाओं को मुख्यधारा से जुड़ने और विकास में भागीदार बनने के लिए प्रेरित करेंगे.
पहले दिन कार्यकर्ताओं को दिया टास्त
पहले दिन की बैठक में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं को शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का टास्क दिया गया. इसके साथ ही नए लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने पर भी मंथन हुआ.



