CG News: पहले पिलाई कीटनाशक फिर फंदे पर लटकाया… युवक की हत्या के बाद मां-बेटे ने रची ‘सुसाइड’ की कहानी

CG News: मां और आरोपी भाई ने हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए पहले मृतक युवक को कीटनाशक पिलाया और बाद में उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया.
Accused in police custody

पुलिस हिरासत में आरोपी

CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शराब के लिए पैसे मांगना और परिवार के सदस्‍यों को गाली-गलौज करना एक युवक को बहुत महंगा पड़ गया. युवक की हरकतों से तंग आकर उसकी मां और भाई ने गुस्‍से में रस्‍सी से गला दबाकर दर्दनाक हत्या कर दी.

मां और आरोपी भाई ने हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए पहले मृतक युवक को कीटनाशक पिलाया और बाद में उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया. पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की जानकारी पुलिस को मिली, जिसके बाद आरोपी मां और भाई को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया.

रस्‍सी से गला दबाकर कर दी हत्या

मामला कुरूद थाना क्षेत्र के बिरेझर चौकी का बताया जा रहा है. मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोजी निवासी नरसिंग साहू 23 वर्ष पुत्र दौवाराम साहू बीते 29 जून को अपने छोटे भाई नरेश साहू और मां कमला बाई से शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था. पैसे नहीं देने पर न‍रसिंग अपने छोटे भाई और मां से गाली-गलौज और मारपीट करने लग गया. इस बात से आक्रोशित मां और छोटे भाई ने रस्‍सी से गला दबाकर हत्या कर दी.

आराेपितों ने हत्या को दिखाया आत्महत्या

पूरे मामले में आरोपितों ने इस हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए पहले मृतक को अधमरा समझकर कीटनाशक पिलाया और बाद में दोनों ने मिलकर फांसी पर लटका दिया. हत्या की पूरी कहानी को दूसरा एंगल देकर दोनों ने घर के भीतर संदिग्ध हालत में नरसिंह की लाश मिलने की खबर पूरे गांव में फैला दी और पुलिस को इसकी सूचना दे दी. पुलिस ने माैके पर पहुंची तो मृतक की मां और भाई ने हत्या को आत्महत्या बताया.

पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट ने खोली पोल

पुलिस भी इस हत्या को आत्महत्या मानकर जांच कर रही थी. पुलिस ने पंचनामा तैयार करके शव का पोस्‍टमार्टम कराया और फिर अंतिम संस्‍कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. वहीं डॉक्टरों ने मृतक की पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को दिखाई तो पता चला की गला दबाने से उसकी माैत हुई है और ये आत्महत्या नहीं हत्या है.

पुलिस ने आरोपितों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक की मां और छोटे भाई को हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी. पहले तो दोनों ने पुलिस को गोल-मोल जवाद दिए, लेकिन बाद में पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें दोनाें ने अपना जुर्म स्‍वीकार कर लिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनाें आरोपितों को न्‍यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.

ये भी पढे़ं- प्रेमिका शादी की जिद पर अड़ी तो पति-पत्नी ने रच डाली खौफनाक साजिश, 4 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या

ज़रूर पढ़ें