Vistaar NEWS

युवा कांग्रेस चुनाव की नई तारीख घोषित, 30 अगस्त से शुरू होगी प्रक्रिया

रायपुर. छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. चुनावी सदस्यता और चुनाव प्रक्रिया 30 अगस्त से शुरू होगी और 29 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी. संगठन ने चुनाव में शामिल होने वाले सदस्यों और इच्छुक युवाओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर जरूरी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.

युवा कांग्रेस चुनाव की प्रक्रिया को लेकर पिछले कुछ समय से कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और शिकायतों का दौर चल रहा था. चुनाव में कथित अनियमितताओं, नियमों में बदलाव और प्रक्रिया को लेकर कई कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व तक शिकायतें पहुंचाई थीं. इसके बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने मामले का संज्ञान लेते हुए स्थिति की जानकारी लेने की पहल की.

प्रभारी के दौरे का आज आखिरी दिन

इसी सिलसिले में युवा कांग्रेस प्रभारी स्मृति रंजन लेंका 17 से 19 अगस्त तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं. उनके दौरे का आज आखिरी दिन है. दौरे के दौरान उन्होंने चुनाव प्रक्रिया से प्रभावित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी शिकायतें और आपत्तियां सुनीं.

कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में सामने आई कथित अनियमितताओं, नियमों में बदलाव और अब तक की गई कार्रवाई से जुड़े मुद्दे राष्ट्रीय पदाधिकारियों के सामने रखे. पदाधिकारियों ने शिकायतों को समझने के साथ उनके निराकरण को लेकर आगे की कार्रवाई पर भी चर्चा की.

राजीव भवन में हुई कार्यकर्ताओं से चर्चा

17 अगस्त को रायपुर के शंकर नगर स्थित राजीव भवन में प्रदेश प्रभारी स्मृति रंजन लेंका और चुनाव पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बातचीत की. इस दौरान चुनाव प्रक्रिया से प्रभावित कार्यकर्ताओं ने अपनी शिकायतें और आपत्तियां सामने रखीं.

बताया गया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए सवालों को मीडिया में प्रमुखता मिलने के बाद राष्ट्रीय नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लिया. इसके बाद पदाधिकारियों को छत्तीसगढ़ भेजकर कार्यकर्ताओं से सीधे बातचीत कर स्थिति समझने का निर्णय लिया गया.

6 हजार नामांकन मिलने का दावा

इस बार युवा कांग्रेस चुनाव में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी का दावा किया जा रहा है. पीआरओ राकेश सिंह नेगी के अनुसार, करीब 6 हजार नामांकन प्राप्त हुए हैं. संगठन की संभावित 20 लाख से अधिक सदस्यता के बीच इतनी बड़ी संख्या में नामांकन को चुनाव में व्यापक भागीदारी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. नेगी का दावा है कि इस बार युवा कांग्रेस के चुनाव में पिछले कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं.

पारदर्शिता पर रहेगी नजर

नई चुनावी समय-सारिणी जारी होने के बाद अब संगठन के सामने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने की चुनौती है. 30 अगस्त से शुरू होने वाली प्रक्रिया 29 सितंबर शाम 5 बजे तक चलेगी. चुनाव को लेकर पहले सामने आई शिकायतों के बाद अब कार्यकर्ताओं की नजर पूरी प्रक्रिया की निगरानी और उसके निष्पक्ष संचालन पर रहेगी.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः भाजपा सांसद ने कहा- कांग्रेस के DNA में नक्सलवाद, बताया इसका Full Form

Exit mobile version