Vistaar NEWS

Raipur Crime News: डॉक्टर समेत तीन गिरफ्तार, नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री का मामला

representative image

सांकेतिक तस्वीर

Raipur Crime News: रायपुर. नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के सनसनीखेज मामले में आजाद चौक पुलिस ने एक डॉक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में डॉक्टर, पुरुष नर्स और उसका सहयोगी शामिल हैं. इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. जांच के दौरान पहले तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया गया था. उनसे पूछताछ और विवेचना में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को भी गिरफ्तार किया है.

जांच में डॉक्टर की भूमिका सामने आई है. पुलिस के अनुसार, डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात शिशु के कथित क्रेता को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था. इसके बाद यह दस्तावेज महिला आरोपी कृतिका साहू को उपलब्ध कराया जाता था. आरोपी ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है. पुलिस ने उसके कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है.

वहीं, आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का काम करता था. वह अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या महानंद और अन्य आरोपियों के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल था. पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं को तलाशते थे. इसके बाद उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाता था और नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा किया जाता था.

इस पूरे लेन-देन में अश्वनी शर्मा की भूमिका रकम के लेन-देन की थी. नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री से मिलने वाली रकम का आरोपियों के बीच बंटवारा किया जाता था. पुलिस के अनुसार, इस मामले की प्रार्थिया को भी इसी तरह प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

गिरफ्तार आरोपियों में डॉ. खिर सिंधु महानंद (45), निवासी मोतीलाल नगर कोटा, थाना सरस्वती नगर, प्रकाश कुमार कौरव (45), निवासी कपिस विहार अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर और अश्वनी शर्मा (38), निवासी रामकुंड विहार, थाना आजाद चौक शामिल हैं.

Exit mobile version